AI और डिजिटल साक्षरता पर तीन दिवसीय जागरूकता अभियान शुरू

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

परिवर्तन सेवा संस्थान की पहल, विद्यार्थियों को इंटरनेट और AI के सुरक्षित उपयोग का दिया गया प्रशिक्षण


आजमगढ़। परिवर्तन सेवा संस्थान के तत्वावधान में सिधारी हाईडिल स्थित एक विद्यालय में “AI, इंटरनेट का दैनिक जीवन में उपयोग एवं उसका सदुपयोग” विषय पर तीन दिवसीय डिजिटल साक्षरता एवं जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), इंटरनेट और कंप्यूटर के सुरक्षित एवं प्रभावी उपयोग के प्रति जागरूक करना है।


कार्यक्रम में KIET से प्रशिक्षित श्रेयांशी सिंह ने विद्यार्थियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से प्रशिक्षण दिया। उन्होंने कंप्यूटर के मूल भागों—मॉनिटर, CPU, कीबोर्ड, माउस, इनपुट-आउटपुट डिवाइस, कंप्यूटर की कार्यप्रणाली तथा दैनिक जीवन में कंप्यूटर और इंटरनेट की उपयोगिता को सरल भाषा में समझाया। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को Google Maps, Google Earth, ऑनलाइन सर्च, फाइल एवं फोल्डर प्रबंधन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के उपयोग, साइबर सुरक्षा तथा इंटरनेट के सुरक्षित और जिम्मेदाराना इस्तेमाल की जानकारी भी दी गई। प्रश्नोत्तर सत्र में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।


कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंध निदेशक (MD) शिवम तिवारी एवं परिवर्तन सेवा संस्थान के सचिव विवेक पांडेय ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर शिवम तिवारी ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा के क्षेत्र में इंटरनेट, कंप्यूटर और AI की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो गई है। इसी उद्देश्य से विद्यालय में पाँच आधुनिक डिजिटल क्लासरूम विकसित किए गए हैं, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को भी तकनीक आधारित गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके। उन्होंने परिवर्तन सेवा संस्थान के इस जागरूकता अभियान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास विद्यार्थियों के ज्ञान, कौशल और भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। कार्यक्रम में सविता मौर्य, मोहम्मद शाहब जान (साहब सर) सहित विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं परिवर्तन सेवा संस्थान के सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *