
अधिवक्ताओं का उग्र विरोध, गिरिजाघर चौराहे पर चक्का जाम

आजमगढ़। इलाहाबाद हाईकोर्ट के हालिया आदेश के विरोध में दीवानी कचहरी के अधिवक्ता लगातार दूसरे दिन बुधवार को भी पूरे दिन न्यायिक कार्य से विरत रहे। विरोध स्वरूप अधिवक्ताओं ने गिरिजाघर चौराहे पर चक्का जाम कर अपना आक्रोश व्यक्त किया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
पुलिस अधिकारियों ने पहुंचकर की वार्ता
चक्का जाम की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार, एसपी ट्रैफिक पंकज श्रीवास्तव, सीओ सिटी शुभम तोडी और शहर कोतवाल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने दीवानी न्यायालय अभिभाषक संघ के अध्यक्ष प्रभाकर सिंह से बातचीत की, जिसके बाद अधिवक्ता न्यायालय परिसर लौट गए।
साधारण सभा में हाईकोर्ट के आदेश का किया विरोध
इसके बाद दीवानी न्यायालय अभिभाषक संघ की साधारण सभा की बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष प्रभाकर सिंह ने तथा संचालन मंत्री अनुराग कुमार दीक्षित ने किया। बैठक में अधिवक्ताओं ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के उस आदेश का विरोध किया, जिसमें सात वर्ष या उससे अधिक की सजा वाले अपराध में एफआईआर दर्ज होते ही अधिवक्ता की प्रैक्टिस पर रोक लगाने की व्यवस्था का उल्लेख है। अधिवक्ताओं का कहना था कि यह व्यवस्था उनके पेशेवर अधिकारों को प्रभावित करती है और इस पर व्यापक विमर्श की आवश्यकता है।
चंदन यादव एडवोकेट प्रकरण भी उठा
बैठक में अधिवक्ता चंदन यादव से जुड़े प्रकरण पर भी चर्चा की गई। इसके बाद सर्वसम्मति से पूरे दिन न्यायिक कार्य से विरत रहने का निर्णय लिया गया।
प्रमुख रूप से रहे मौजूद
प्रदर्शन और चक्का जाम में अध्यक्ष प्रभाकर सिंह, मंत्री अनुराग कुमार दीक्षित, पूर्व अध्यक्ष सूबेदार यादव, वीरेंद्र यादव, रामदरश यादव, मुखराम यादव, जितेंद्र यादव, कृष्ण कुमार पांडेय, शशिकांत पांडेय, अशोक कुमार पांडेय, बेलाल अहमद बेग सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता शामिल रहे।