– रेलवे व पीडब्ल्यूडी की जमीन से हटाया गया अवैध कब्जा
– खुरासो मोड़ से रेलवे स्टेशन के मुख्य द्वार तक चला अभियान
आजमगढ़। सरकारी जमीनों को अवैध कब्जे से मुक्त करने को लेकर अभियान जोर से जारी है। इसके तहत शनिवार को फूलपुर नगर क्षेत्र में रेलवे व लोक निर्माण विभाग की जमीन पर हुए अवैध कब्जे व अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की गई। चार थानों की फोर्स की मौजूदगी में 100 दुकानों व दर्जन पर मकान पर बुलडोजर की कार्यवाही हुई। कार्रवाई के दौरान दुकानदार और मकान मालिक अपने आशियानों और प्रतिष्ठानों को टूटते हुए देखने को मजबूर रहे।
फूलपुर नगर क्षेत्र में खुरासो मोड़ से उदपुर बच्चूलाल पेट्रोल पंप तक पीडब्ल्यूडी और रेलवे की काफ़ी जमीन है। इन सरकारी जमीनों पर काफी समय से चाय, मिठाई, मछली, मुर्गा, बढ़ईगीरी, बाइक मरम्मत, पंचर, साइकिल, मोची, माली इत्यादि कई छोटे-बड़े व्यवसाय संचालित हो रहे थे। सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कर व्यवसाय संचालित करने वाले कुछ लोगों ने अपने पक्के मकान व दुकान भी बना लिए थे। इन अवैध कब्जों के खिलाफ पूर्व में भी अभियान चलाया गया था, लेकिन सिर्फ अस्थाई निर्माणो को ही हटाने की कार्रवाई हुई थी। प्रशासन ने एक बार फिर सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस जारी किया था। पूर्व की प्रशासनिक कार्यवाही को देखते हुए अतिक्रमणकारियों ने समय रहते अपना सामान व अवैध कब्जा नहीं हटाया। लोगों को उम्मीद थी कि इस बार भी सिर्फ अस्थाई अवैध कब्जो पर ही कार्यवाही होगी। वही इस बार अतिक्रमण हटाओ टीम में शामिल जेसीबी मशीनों ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए 100 दुकानों समेत लगभग दर्जन भर मकानो को जमीदोज कर दिया। खुरासो मोड़ से रेलवे स्टेशन के मुख्य द्वार तक चले अभियान से कई दुकानदारों के सामान मालबे में दब कर नष्ट हो गए। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध कब्जाधारियों के सामने रोजी-रोटी का संकट तक खड़ा हो गया है।
” सरकारी भूमि पर वर्षों से अतिक्रमण था, जिसे अतिक्रमण मुक्त करना अत्यंत आवश्यक था। अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही के पूर्व सभी संबंधितों को नोटिस जारी किया गया था। इसके बाद भी अतिक्रमण न हटाने पर पूरी कार्यवाही नियमानुसार की गई। “
अशोक कुमार, एसडीम फूलपुर