बाइकों की टक्कर में युवक की मौत पिता घायल, मचा कोहराम

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ ग्रामीण


ठेकमा-मार्टिनगंज मार्ग पर सम्मोपुर मोड़ के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, दूसरा बाइक सवार मौके से फरार

हिंदी न्यूज़ 24
बरदह (आजमगढ़)। बरदह थाना क्षेत्र के ठेकमा-मार्टिनगंज मार्ग पर तम्मरपुर गांव के सम्मोपुर मोड़ के पास शुक्रवार दोपहर दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार पिता-पुत्र घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल पुत्र को जौनपुर सदर अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
बरदह थाना क्षेत्र के जमुआवा गांव निवासी सुरेंद्र (46) पुत्र स्व. वंशराज अपने छोटे पुत्र विशाल राम (20) के साथ बाइक से मुक्तिपुर गांव स्थित अपनी बहन के घर जा रहे थे। इसी दौरान ठेकमा-मार्टिनगंज सड़क मार्ग पर तम्मरपुर गांव के सम्मोपुर मोड़ के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक अनियंत्रित हो गईं और पिता-पुत्र सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
हादसे के बाद दूसरा बाइक सवार मौके से चला गया। आसपास मौजूद लोगों ने दोनों घायलों को उपचार के लिए ठेकमा पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद सुरेंद्र को घर भेज दिया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल विशाल राम को चिकित्सकों ने जौनपुर सदर अस्पताल रेफर कर दिया। जौनपुर में उपचार के दौरान डॉक्टरों ने विशाल को मृत घोषित कर दिया।
विशाल तीन भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। उसकी मौत की खबर घर पहुंचते ही मां उर्मिला समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में भी घटना के बाद मातम छा गया।
ठेकमा चौकी प्रभारी राजेंद्र प्रसाद पटेल ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *