इंजेक्शन लगते ही बिगड़ी महिला की हालत, जौनपुर में मौत, परिजनों ने क्लिनिक पर किया हंगामा

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण


दीदारगंज के मकदूमपुर बाजार स्थित निजी क्लिनिक का मामला, डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर देर रात तक पुलिस मौजूद

हिंदी न्यूज़ 24
मार्टिनगंज (आजमगढ़)। दीदारगंज थाना क्षेत्र के मकदूमपुर बाजार स्थित एक निजी क्लिनिक में शुक्रवार देर शाम दवा लेने पहुंची महिला की इंजेक्शन लगने के बाद अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे आनन-फानन में उपचार के लिए जौनपुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। आक्रोशित परिजनों ने देर शाम क्लिनिक पहुंचकर डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को कार्रवाई का भरोसा दिलाकर समझाने का प्रयास किया।
दीदारगंज थाना क्षेत्र के चितारा महमूदपुर गांव के बिछियापुर निवासी शशिकला देवी (45) पत्नी रामकिशुन यादव शुक्रवार देर शाम घर से पैदल दवा लेने मकदूमपुर बाजार स्थित निजी क्लिनिक पहुंची थीं। परिजनों के अनुसार, क्लिनिक में डॉक्टर कलेन्द्र यादव ने महिला को इंजेक्शन लगाया। इंजेक्शन लगने के बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई।
महिला की हालत बिगड़ने की जानकारी परिजनों को मिली तो वे तत्काल क्लिनिक पहुंचे। इसके बाद शशिकला देवी को उपचार के लिए जौनपुर ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
इसके बाद आक्रोशित परिजन देर शाम मकदूमपुर बाजार स्थित क्लिनिक पर पहुंचे और डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा करने लगे। सूचना मिलने पर दीदारगंज पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाने तथा कार्रवाई का भरोसा दिलाने का प्रयास किया। देर रात तक मौके पर पुलिस मौजूद रही।
स्थानीय बाजारवासियों के अनुसार, संबंधित डॉक्टर बरदह थाना क्षेत्र के बेलवाना गांव के निवासी हैं और कई वर्षों से मकदूमपुर बाजार में क्लिनिक चला रहे हैं।
दीदारगंज थानाध्यक्ष जयप्रकाश यादव ने बताया कि मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *