मोबाइल चोरी कर बैंक खाते से 6.75 लाख उड़ाने वाला साइबर अपराधी गिरफ्तार

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण


साइबर क्राइम पुलिस ने 21 वर्षीय आरोपी को दबोचा, दो मोबाइल, ईयरबड और नकदी बरामद
आजमगढ़। साइबर क्राइम पुलिस ने मोबाइल चोरी के बाद उससे जुड़े बैंक खातों के यूपीआई का इस्तेमाल कर लाखों रुपये की साइबर ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन, JBL WAVE BEAM 2 ईयरबड और 4,020 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार रौनापार थाना क्षेत्र के पलिया निवासी सुफियान अंसारी का मोबाइल फोन गुम हो गया था। आरोप है कि 10 नवंबर से 30 दिसंबर 2025 के बीच उनके बैंक खाते से अलग-अलग माध्यमों से कुल 6,75,476 रुपये की धोखाधड़ी कर निकासी कर ली गई। मामले में साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंची पुलिस
विवेचना के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस को मो. अफराज अहमद (21) निवासी ग्राम पहाड़पुर, थाना मेहरमा, जनपद गोड्डा, झारखंड के संबंध में जानकारी मिली। पुलिस ने उसे थाना परिसर से करीब 10:20 बजे गिरफ्तार कर लिया।
चोरी के मोबाइल से बनाते थे यूपीआई
पुलिस के मुताबिक आरोपी अपने साथियों के साथ मोबाइल फोन चोरी करते थे। चोरी किए गए मोबाइल में लगी सिम से जुड़े बैंक खातों का यूपीआई तैयार कर ज्वेलरी शॉप, मॉल और अन्य दुकानों पर खरीदारी व लेनदेन किया जाता था। इसके बाद दुकानदारों के माध्यम से रकम को नकद प्राप्त कर आरोपी आपस में बांट लेते थे।


पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की है। कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में साइबर क्राइम पुलिस टीम और सर्विलांस सेल ने की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *