मसुविवि में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर


आठ प्रतियोगिताओं में युवाओं ने दिखाई प्रतिभा, 300 से अधिक विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
आजमगढ़। युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और विकसित भारत-2047 के संकल्प को मजबूत बनाने के उद्देश्य से महाराजा सुहेल देव विश्वविद्यालय (मसुविवि) के सभागार में मंगलवार को ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। महाराजा सुहेल देव विश्वविद्यालय एवं मेरा युवा भारत (माय भारत) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में युवाओं ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से नशा मुक्ति का संदेश दिया।
विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी के अनुसार कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के 300 से अधिक विद्यार्थियों के अलावा विभिन्न महाविद्यालयों, एनएसएस, एनसीसी तथा युवा मंडलों से जुड़े युवाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। युवाओं को अभियान से जोड़ने के लिए भाषण, नृत्य, चित्रकला, नुक्कड़ नाटक, रील्स, कविता पाठ, स्लोगन लेखन और लोकगीत समेत आठ प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है। यदि युवा नशे की गिरफ्त में आते हैं तो राष्ट्र के विकास की गति प्रभावित होती है। उन्होंने कहा कि नशा मुक्ति केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसमें समाज, अभिभावकों, शिक्षकों और युवाओं की समान भागीदारी जरूरी है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूरी बनाकर स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला युवा अधिकारी सीमा पाण्डेय, कार्यक्रम समन्वयक डॉ. देवेन्द्र कुमार पाण्डेय, कार्यक्रम अधिकारी डॉ. शशि प्रकाश शुक्ला, डॉ. मनीषा सिंह एवं डॉ. हरेन्द्र सिंह प्रजापति ने अभियान के उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
प्रतियोगिताओं के विजेताओं का चयन निर्णायक मंडल द्वारा किया गया। समापन समारोह में कुलपति एवं परीक्षा नियंत्रक ने प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए। प्रमाण पत्र प्राप्त कर युवाओं में उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम का संचालन सुश्री वैशाली सिंह ने किया तथा अंत में आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों, निर्णायकों और मीडिया का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *