जमीन अधिग्रहण की आशंका पर किसानों का प्रदर्शन, डीएम को सौंपा ज्ञापन

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के किनारे भूमि अधिग्रहण का विरोध, यूरिया, सिंचाई और बिजली व्यवस्था सुधारने की मांग


आजमगढ़। पूर्वांचल किसान यूनियन और सोशलिस्ट किसान सभा के बैनर तले बुधवार को बड़ी संख्या में किसानों और महिलाओं ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन कर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के किनारे औद्योगिक क्षेत्र और न्यू एनर्जी प्लांट के नाम पर संभावित भूमि अधिग्रहण का विरोध करते हुए किसानों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग उठाई।


किसान नेताओं वीरेंद्र यादव और राजीव यादव ने कहा कि फूलपुर तहसील क्षेत्र के पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से सटे 24 गांवों की जमीन अधिग्रहण की चर्चाओं से ग्रामीणों में चिंता है। उन्होंने कहा कि किसान अपनी आजीविका का आधार बनी जमीन का अधिग्रहण किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेंगे और यदि जबरन अधिग्रहण का प्रयास हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।
ज्ञापन में धान की रोपाई के दौरान यूरिया की कथित कालाबाजारी रोकने, किसानों को उचित मूल्य पर खाद उपलब्ध कराने, निजामाबाद, फूलपुर, कप्तानगंज, बुढ़नपुर समेत विभिन्न क्षेत्रों की नहरों में सिंचाई के लिए पानी छोड़े जाने तथा सरायमीर क्षेत्र में अधिक क्षमता का पावर हाउस स्थापित करने की मांग भी की गई।
प्रदर्शन में राजेंद्र यादव, अधिवक्ता विनोद यादव, विद्या, अवधेश यादव, अनिल गुप्ता, महेंद्र यादव, नंदलाल यादव, सहाबदीन, रोशन लाल, विनोद गुप्ता, मिथलेश, बब्बर चौरसिया, कन्नू सहित बड़ी संख्या में किसान और महिलाएं मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *