विदेश भेजने के नाम पर युवक से 1.26 लाख की ठगी, फर्जी टिकट थमाकर आरोपी फरार

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण आजमगढ़ शहर


पासपोर्ट और वीजा बनवाने का दिया था भरोसा, दिल्ली ले जाकर कई दिन घुमाया, रुपये मांगने पर दे रहा टालमटोल जवाब
कोतवाली पुलिस ने सुनील कुमार यादव के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा, विदेश भेजने के नाम पर कई लोगों को ठगने का भी लगाया गया आरोप

हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। विदेश भेजने और पासपोर्ट-वीजा बनवाने का झांसा देकर एक युवक से 1.26 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने युवक को विदेश भेजने का भरोसा दिलाकर कई किस्तों में रुपये लिए। इसके बाद उसे दिल्ली ले जाकर विदेश जाने का टिकट दिलाने का आश्वासन दिया, लेकिन बाद में जो टिकट दिया गया, वह जांच में फर्जी निकला। काफी समय बीतने के बाद भी न तो युवक को विदेश भेजा गया और न ही उसका पासपोर्ट और पूरी रकम वापस की गई। पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक, कोतवाली क्षेत्र के कोडर अजमतपुर निवासी संदीप यादव विदेश जाने के लिए अपना पासपोर्ट बनवाया था। इसी दौरान उसके परिचितों के माध्यम से उसकी मुलाकात बिलरियागंज थाना क्षेत्र के पड़री जमीन निवासी सुनील कुमार यादव से हुई। सुनील ने खुद को विदेश भेजने का काम करने वाला बताते हुए भरोसा दिलाया कि उसका बड़ा भाई भीमर बाजार में विदेश भेजने का कार्यालय चलाता है और वह विदेश जाने की पूरी व्यवस्था करा देगा।
आरोप है कि सुनील की बातों में आकर संदीप ने विदेश जाने के लिए अपने खाते से अलग-अलग किस्तों में कुल 1 लाख 1 हजार रुपये दिए। इसके अलावा पासपोर्ट के साथ 25 हजार रुपये नकद भी दिए। आरोपी ने 29 अगस्त 2025 को उसे विदेश जाने का वीजा दिलाने की बात कहकर दिल्ली बुलाया। वहां ले जाने के बाद टिकट जल्द मिलने का भरोसा देता रहा। काफी इंतजार के बाद 28 सितंबर 2025 को सुनील ने चार लोगों के लिए हवाई टिकट दिया, जिसमें एक टिकट संदीप का भी था। लेकिन टिकट की जांच कराने पर उसके फर्जी होने की जानकारी हुई।
इसके बाद संदीप ने अपने रुपये और पासपोर्ट वापस मांगना शुरू किया, लेकिन आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा। आरोप है कि 27 मई 2026 को जब पीड़ित दोबारा सुनील से अपना पैसा और पासपोर्ट मांगने पहुंचा तो आरोपी के भाई ने कथित तौर पर उसे वहां से चले जाने को कहा। पीड़ित ने पुलिस में शिकायत करने की बात कही तो सुनील ने अपने भाई से बात की। इसके बाद 28 मई 2026 को सुनील के भाई ने पीड़ित के खाते में 10 हजार रुपये जमा कराए, लेकिन शेष रकम और पासपोर्ट अब तक वापस नहीं किया गया।
पीड़ित का आरोप है कि सुनील कुमार यादव ने इसी तरह विदेश भेजने के नाम पर कई अन्य लोगों को भी अपने जाल में फंसाकर उनके रुपये और पासपोर्ट ले रखे हैं। परेशान होकर संदीप यादव ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।
मामले में कोतवाली पुलिस ने 10 नवंबर 2026 को आरोपी सुनील कुमार यादव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक शशि सिंह को सौंपी गई है। पुलिस अब पूरे प्रकरण की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *