
खेत में धान की कटाई करते समय हुआ हादसा, वाराणसी के निजी अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा किसान
ग्रामीणों का आरोप- कई बार शिकायत के बावजूद बिजली विभाग ने नहीं कराई जर्जर खंभे और तार की मरम्मत, हादसे के बाद भी अधिकारियों की बेरुखी
हिंदी न्यूज़ 24
बरदह/आजमगढ़। विद्युत विभाग की कथित लापरवाही ने एक किसान की जिंदगी खतरे में डाल दी। खेत में धान की कटाई कर रहा 45 वर्षीय किसान जर्जर बिजली के खंभे से लटक रहे 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया। गंभीर हालत में किसान को वाराणसी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वह जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है। घटना के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति भारी आक्रोश है।
जानकारी के अनुसार, मार्टिनगंज तहसील क्षेत्र के दीदारगंज थाना अंतर्गत फूलेश अहमदबक्शपुर गांव निवासी हवलदार राजभर पुत्र श्यामराज राजभर सोमवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे ओमप्रकाश मिश्र महाविद्यालय के बगल स्थित अपने खेत में धान की कटाई कर रहे थे। इसी दौरान पहले से क्षतिग्रस्त बिजली के खंभे से लटक रहे 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार की चपेट में आ गए। करंट लगने से किसान का शरीर बुरी तरह झुलस गया।
खेतों में काम कर रहे आसपास के लोगों ने घटना देख तत्काल मदद की कोशिश की। ग्रामीणों ने एंबुलेंस के लिए फोन किया, लेकिन उसके पहुंचने में देरी होने पर किसान को निजी वाहन से खेतासराय स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया। वहां हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन और ग्रामीण उन्हें लेकर जौनपुर पहुंचे, लेकिन वहां भी भर्ती नहीं किए जाने पर आनन-फानन में वाराणसी ले गए। फिलहाल एक निजी अस्पताल में उनका उपचार चल रहा है।
शिकायत के बाद भी नहीं हुई मरम्मत, ग्रामीणों में आक्रोश
ग्राम प्रधान विशाल राजभर और अन्य ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली का खंभा और तार काफी समय से क्षतिग्रस्त हालत में था। इसकी शिकायत विद्युत विभाग के अधिकारियों से पहले भी कई बार की गई थी, लेकिन न तो खंभे की मरम्मत कराई गई और न ही लटकते तार को दुरुस्त किया गया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते विभाग ने शिकायतों को गंभीरता से लिया होता तो आज यह हादसा नहीं होता।
अधिकारियों ने फोन नहीं उठाया, एक्सईएन ने कार्रवाई का दिया निर्देश
घटना के संबंध में विद्युत विभाग के एसडीओ मार्टिनगंज से सरकारी नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। वहीं जेई पुष्पनगर का सरकारी मोबाइल नंबर बंद मिला। इसके बाद एक्सईएन फूलपुर से संपर्क करने पर उन्होंने घटना की जानकारी होने की बात स्वीकार करते हुए बताया कि क्षेत्रीय जेई और एसडीओ को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।
ग्रामीणों ने विद्युत विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जर्जर खंभों और लटकते हाईटेंशन तारों को तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की है। उनका कहना है कि क्षेत्र में कई स्थानों पर बिजली के तार और खंभे खतरनाक स्थिति में हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। अब सवाल यह है कि क्या विभाग इस घटना से सबक लेकर समय रहते व्यवस्था दुरुस्त करेगा या फिर किसी और हादसे का इंतजार किया जाएगा?