आजमगढ़: तमसा तट पर चला वृक्षारोपण अभियान, गौभक्त स्व. वासुदेव पटेल को दी गई श्रद्धांजलि

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

हरित भविष्य के संकल्प के साथ सैकड़ों पौधे रोपे, प्रत्येक रविवार अभियान जारी रखने का ऐलान
आजमगढ़। पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प के साथ रिलीफ इंडिया क्लब एवं विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) गोरक्षा विभाग, आर्यमगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में शहर के नरौली पुल के निकट सुख-शांति धाम परिसर स्थित तमसा नदी तट पर लगातार दूसरे रविवार को वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। इस दौरान सैकड़ों पौधे रोपे गए और लोगों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया गया।


कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख मिर्जापुर बलवंत यादव, विहिप गोरक्षा विभाग के प्रान्त अध्यक्ष राणा प्रताप राय ‘सोनू’ तथा भाजपा जिला उपाध्यक्ष सिद्धार्थ राम सिंह मौजूद रहे। वहीं प्रान्त उपाध्यक्ष दीनानाथ सिंह, रामकथावाचक अलंकार कौशिक, शिशिर अस्थाना, गौरव रघुवंशी, अधिवक्ता मनोज सिंह सहित कई गणमान्य लोगों ने भी सहभागिता की।


कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ से हुई। इसके बाद विहिप गोरक्षा विभाग के केंद्रीय मंत्री रहे गौभक्त स्वर्गीय वासुदेव पटेल के निधन पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। उनकी स्मृति में कार्यकर्ताओं ने वृक्षारोपण भी किया।


मुख्य अतिथि बलवंत यादव ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण सबसे प्रभावी उपाय है और इसे जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाना चाहिए। रिलीफ इंडिया क्लब के सचिव राघवेंद्र मिश्रा ‘लड्डू’ ने बताया कि संस्था और विहिप गोरक्षा विभाग पिछले कई वर्षों से संयुक्त रूप से अभियान चला रहे हैं तथा हर वर्ष करीब एक हजार पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया जाता है।


विहिप गोरक्षा प्रान्त अध्यक्ष राणा प्रताप राय ‘सोनू’ ने कहा कि लक्ष्य पूरा होने तक प्रत्येक रविवार जिले के विभिन्न स्थानों पर वृक्षारोपण किया जाएगा और लगाए गए पौधों के संरक्षण की भी नियमित व्यवस्था की जाएगी।


भाजपा जिला उपाध्यक्ष सिद्धार्थ राम सिंह ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने जीवन में कम-से-कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल का संकल्प भी लेना चाहिए।


इस अवसर पर संतोष गुप्ता, अभय सिंह, उत्कर्ष सिंह, अंकुर गुप्ता, अनिरुद्ध सिंह, पंकज दुबे, आशुतोष मिश्रा, द्रोणाचार्य उपाध्याय, विभोर अग्रवाल, अम्बुज कुमार, बलराम गुप्ता, अंकित दुबे, विकास साहू, चंदन रावत सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, समाजसेवी एवं पर्यावरण प्रेमी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *