

जिला स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का समापन, विजेता खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला
आजमगढ़। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती एवं राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश लखनऊ और जिला प्रशासन आजमगढ़ के तत्वावधान में जिला स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। सुखदेव पहलवान स्पोर्ट्स स्टेडियम में 29 से 31 अगस्त तक चली प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर खेल प्रतिभा का परिचय दिया।
फिट इंडिया और खेलो इंडिया के तहत ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ की भावना को आगे बढ़ाते हुए आयोजित प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में बच्चों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें खिलाड़ियों को पदक और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
80 बच्चों को पदक और स्मृति चिह्न से किया सम्मानित
समापन समारोह में जिला न्यायाधीश मुकेश सिंह, जिला क्रीड़ा अधिकारी सिराजुद्दीन, उप क्रीड़ा अधिकारी जय प्रकाश यादव, अंतरराष्ट्रीय फेस्टिवल डायरेक्टर अरविंद चित्रांश, जिला हेडबाल सचिव कृष्ण मुरारी श्रीवास्तव सहित आशुतोष त्रिपाठी, अनूप सिंह और मृत्युंजय सिंह मौजूद रहे।
जिला क्रीड़ा अधिकारी सिराजुद्दीन और मुख्य प्रशिक्षक एवं अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन अंपायर करन श्रीवास्तव के निर्देशन में प्रतियोगिता संपन्न हुई। इसके बाद करीब 80 बच्चों को पदक एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर बच्चों के चेहरे पर खुशी और उत्साह नजर आया।
इनर व्हील क्लब ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
प्रतियोगिता के आयोजन में इनर व्हील क्लब ऑफ आजमगढ़ नवेली का विशेष सहयोग रहा। क्लब की अध्यक्ष नेहा अग्रवाल, सचिव निमिषा अग्रवाल और एडिटर अमृता अग्रवाल ने खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया।
खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की पहल
प्रतियोगिता के आयोजक एवं बैडमिंटन प्रशिक्षक-अंतरराष्ट्रीय अंपायर करन श्रीवास्तव ने बताया कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य बच्चों और युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ाना तथा उन्हें बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। राष्ट्रीय खेल दिवस पर आयोजित यह प्रतियोगिता स्वस्थ जीवनशैली, खेल संस्कृति और प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रही।