एसडीएम के अर्दली पर पूर्व सैनिक ने तानी बंदूक, तहसील में मची अफरातफरी

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण


नशे में धुत रिटायर्ड फौजी ने एसडीएम को बाहर आने की दी चेतावनी, अर्दली से मारपीट का भी आरोप

हिंदी न्यूज़ 24
सगड़ी/आजमगढ़। उप जिलाधिकारी कार्यालय सगड़ी में मंगलवार दोपहर उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक रिटायर्ड फौजी दुनाली बंदूक लेकर तहसील परिसर पहुंच गया। आरोप है कि उसने एसडीएम को गाली देते हुए बाहर आने की चेतावनी दी और कर्मचारियों को धमकाने लगा। अर्दली ने उसे पकड़ने का प्रयास किया तो पूर्व सैनिक ने उस पर बंदूक तान दी और बंदूक की बट से मारपीट कर दी। घटना के बाद तहसील परिसर में भीड़ जुट गई।
एसडीएम को बाहर आने की देता रहा धमकी
रौनापार थाना क्षेत्र के मुईयापार निवासी अजय कुमार त्रिपाठी मंगलवार दोपहर करीब एक बजे दुनाली बंदूक लेकर एसडीएम कार्यालय सगड़ी पहुंचा। आरोप है कि वह नशे में था और एसडीएम को गाली देते हुए बाहर आने की चेतावनी दे रहा था। उसने सुरक्षा में लगे होमगार्ड और अन्य कर्मचारियों को भी धमकाया।
अर्दली पर तानी बंदूक, बट से पीटने का आरोप
पूर्व सैनिक के हंगामे को देखकर सुरक्षा में तैनात होमगार्ड और एसडीएम के अर्दली बाबूराम (55) ने उसे पकड़ने का प्रयास किया। आरोप है कि इसी दौरान अजय कुमार त्रिपाठी ने अर्दली पर बंदूक तान दी और बंदूक की बट से उसे मार दिया। स्थिति बिगड़ती देख होमगार्ड ने उसे पकड़ लिया और उसकी बंदूक अपने कब्जे में ले ली।
इसके बाद पूर्व सैनिक को एसडीएम कार्यालय ले जाया गया। वहां पूछताछ के दौरान उसके शराब के नशे में होने की बात सामने आई। तहसील परिसर में मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।
किस काम से तहसील आया था, स्पष्ट नहीं
पूर्व सैनिक तहसील परिसर में किस काम से आया था, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पूछताछ में उसने बताया कि वह ऐसे ही तहसील आया था। घटना के दौरान तहसील परिसर में अफरातफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
लाइसेंस निरस्तीकरण के लिए भेजा जाएगा पत्र
घटना के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया है। जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी को पूर्व सैनिक के संबंध में पूरी जानकारी जुटाने और घटना के कारणों की जांच करने के निर्देश दिए हैं। एसडीएम ने उसके शस्त्र लाइसेंस के निरस्तीकरण के लिए पत्र भेजने की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *