आजमगढ़: पैतृक जमीन हड़पने का आरोप, चार पर मुकदमा

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण


मेघालय में रहने वाले व्यक्ति का आरोप—हिंदी का कम ज्ञान होने का फायदा उठाकर 0.3245 हेक्टेयर जमीन का कराया दानपत्र; पुलिस ने शुरू की जांच
आजमगढ़। अतरौलिया थाना क्षेत्र के प्रतापपुर छतौरा गांव निवासी हरेन्द्र उर्फ हरेन्द्र संगमा की शिकायत पर पुलिस ने पैतृक जमीन कथित धोखाधड़ी और गुमराह करके अपने नाम कराने के आरोप में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पीड़ित का आरोप है कि बचपन से मेघालय में रहने और हिंदी भाषा का पर्याप्त ज्ञान नहीं होने का फायदा उठाकर आरोपितों ने उसकी करीब 0.3245 हेक्टेयर पैतृक भूमि का कूटरचित तरीके से दानपत्र करा लिया।


पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार हरेन्द्र के पिता मेघालय में रहते थे और वर्ष 2003 में उनकी मृत्यु हो गई थी। हरेन्द्र बचपन से ही नार्थ गारो हिल्स क्षेत्र में रह रहा था। उसकी पैतृक जमीन प्रतापपुर छतौरा और दुराजपुर में थी। आरोप है कि चचेरे भतीजे अजीत और ओमप्रकाश ने मेघालय पहुंचकर उसे बताया कि उसकी जमीन हाईवे में जा रही है और सरकार जमीन ले लेगी, लेकिन उसे मुआवजा नहीं मिलेगा।


हरेन्द्र के मुताबिक वह 22 नवंबर 2025 को अजीत के साथ गांव आया। आरोप है कि उसे गांव में रखने के बजाय देवरिया पंडित, थाना राजेसुलतानपुर, अंबेडकरनगर स्थित अजीत के ससुराल समेत अन्य स्थानों पर करीब छह दिन रखा गया। तहरीर में आरोप है कि बाद में उसे जमीन प्रियंका के नाम करने के लिए तैयार किया गया और भरोसा दिया गया कि जमीन बेचकर रुपये उसे भेज दिए जाएंगे।


पीड़ित का कहना है कि हिंदी भाषा का पर्याप्त ज्ञान न होने के कारण वह दस्तावेज की वास्तविक जानकारी नहीं समझ सका। आरोप है कि इसी का फायदा उठाकर उसकी जमीन का बैनामे के बजाय दानपत्र यानी हिब्बानामा करा लिया गया। बाद में अजीत उसे मेघालय छोड़कर चला गया और फोन बंद कर लिया।


तहसील में जमीन की विरासत दर्ज कराने पहुंचने पर परिजनों को दानपत्र प्रियंका के नाम होने की जानकारी मिली। इसके बाद हरेन्द्र को कथित धोखाधड़ी का पता चला। पीड़ित ने पुलिस को बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग की पेनड्राइव भी उपलब्ध कराई है।


तहरीर के मुताबिक दानपत्र से मिली जमीन में से प्रियंका ने एक भूखंड अजय कुमार निवासी रिठिया, अतरौलिया को भी रजिस्ट्री कर दिया है। पीड़ित ने शेष जमीन बेचे जाने की आशंका जताते हुए कार्रवाई की मांग की है।


शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्रियंका पत्नी अजीत, अजीत पुत्र अदालती, रंजीत पुत्र अदालती और विजय सिंह पुत्र राजेंद्र सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *