
‘मिसाइल मैन’ के आदर्शों पर चलने का विद्यार्थियों से किया गया आह्वान
आजमगढ़। प्रतिभा निकेतन इंटर कॉलेज, एटलस टैंक, आजमगढ़ के प्रांगण में सोमवार को भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं ‘मिसाइल मैन’ डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने उनकी प्रतिमा पर पुष्प एवं माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य ध्रुव चंद मौर्य ने डॉ. कलाम के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए कभी हार नहीं माननी चाहिए। उन्होंने कहा कि दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से डॉ. कलाम के आदर्शों को अपनाकर जीवन में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भी डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम के जीवन, संघर्ष और उपलब्धियों पर अपने विचार व्यक्त करते हुए उनके प्रेरणादायी व्यक्तित्व को याद किया।
उपप्रधानाचार्य श्रीमती प्रीति श्रीवास्तव ने कहा कि डॉ. कलाम का जीवन इस बात का प्रमाण है कि कठिन परिस्थितियों में भी मेहनत, लगन और सकारात्मक सोच के बल पर बड़ी से बड़ी सफलता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर प्रयास करते रहने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर रमेश मिश्रा, मनोज कुमार शर्मा, दिलीप अस्थाना, राहुल यादव, जमाल सर सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।