
30 जुलाई शाम 5 बजे तक दर्ज कराई जा सकेगी आपत्ति, वेबसाइट पर उपलब्ध है पूरी सूची
आजमगढ़। महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय (मसुविवि) ने आगामी तृतीय दीक्षांत समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। कुलपति प्रो. संजीव कुमार के निर्देश पर परीक्षा नियंत्रक आनंद कुमार मौर्य ने विभिन्न संकायों, पाठ्यक्रमों एवं विषयों में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं तथा स्वर्ण पदक विजेताओं की सूची विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जारी कर दी है।
विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी ने बताया कि जारी सूची पर यदि किसी विद्यार्थी या संबंधित पक्ष को कोई आपत्ति हो तो वह 30 जुलाई 2026 को शाम 5 बजे तक आवश्यक साक्ष्य एवं प्रमाण-पत्रों के साथ विश्वविद्यालय कार्यालय में अथवा coe@msdsu.ac.in पर ई-मेल के माध्यम से अपना प्रत्यावेदन प्रस्तुत कर सकता है। निर्धारित समय-सीमा के बाद प्राप्त होने वाली किसी भी आपत्ति पर विचार नहीं किया जाएगा और वेबसाइट पर प्रकाशित सूची को ही अंतिम माना जाएगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार अंतिम सूची के आधार पर ही तृतीय दीक्षांत समारोह में स्वर्ण पदक एवं अन्य सम्मान प्रदान किए जाएंगे। इस संबंध में सभी संबद्ध महाविद्यालयों, संकायाध्यक्षों, विभागाध्यक्षों तथा पात्र विद्यार्थियों को भी सूचना भेज दी गई है।
परीक्षा नियंत्रक ने विद्यार्थियों से अपील की है कि यदि सूची में किसी प्रकार की तथ्यात्मक त्रुटि या आपत्ति हो तो निर्धारित समय के भीतर आवश्यक अभिलेखों के साथ अपना दावा प्रस्तुत करें, ताकि अंतिम सूची पूर्णतः त्रुटिरहित तैयार की जा सके और दीक्षांत समारोह की तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी हों।