श्रीनगर सियरहा गांव के पास क्रेटा कार पर गिरा विशाल पीपल का पेड़, तीन लोग बाल-बाल बचे, जैगहा में बाबुल का पेड़ गिरा

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण


श्रीनगर गांव के पास कार पर पेड़ गिरने से मची अफरातफरी, आजमगढ़-बिलरियागंज मार्ग पर लगा जाम, पुलिस ने तत्परता दिखाकर यातायात कराया सुचारू

जैगहां बाजार में भी सड़क पर गिरा बबूल का पेड़, करीब एक घंटे बाधित रहा आवागमन, पुलिस ने मजदूरों की मदद से कटवाकर हटवाया पेड़

हिंदी न्यूज़ 24
बिलरियागंज/आजमगढ़। तेज आंधी-बारिश के दौरान बिलरियागंज थाना क्षेत्र में पेड़ गिरने की दो घटनाओं से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। श्रीनगर (सियरहां) गांव के पास विशाल पीपल का पेड़ अचानक सड़क से गुजर रही क्रेटा कार पर जा गिरा। पेड़ के नीचे कार दब गई, लेकिन उसमें सवार तीन लोग बाल-बाल बच गए। वहीं, जैगहां बाजार स्थित सनशाइन स्कूल तिराहे के पास भी बबूल का पेड़ सड़क पर गिरने से करीब एक घंटे तक आवागमन बाधित रहा।
श्रीनगर गांव के पास शनिवार सुबह करीब 10 बजे तेज हवा के साथ बारिश हो रही थी। इसी दौरान सड़क किनारे खड़ा विशाल पीपल का पेड़ अचानक क्रेटा कार के ऊपर जा गिरा। पेड़ गिरने से कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई।
कार में चालक वाहिद खान पुत्र मोहम्मद अजमल, उनकी माता रुखसाना बानो और करीब 10 वर्षीय जोहैर खान, निवासी जयराजपुर थाना बिलरियागंज, सवार थे। बताया गया कि तीनों बच्चे के ऑपरेशन के लिए जयराजपुर से आजमगढ़ स्थित डॉ. अब्दुल्ला के यहां जा रहे थे।
पेड़ गिरने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे तीनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। सूचना मिलने पर बिलरियागंज थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
सड़क पर पेड़ गिरने से वाहनों की लगी कतार
विशाल पीपल का पेड़ सड़क पर गिरने से आजमगढ़-बिलरियागंज मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से पेड़ को सड़क से हटाने का प्रयास शुरू किया गया, जिसके बाद यातायात बहाल कराया गया।
जैगहां में भी एक घंटे बाधित रहा रास्ता
इसी दौरान बिलरियागंज थाना क्षेत्र के जैगहां बाजार स्थित सनशाइन स्कूल तिराहे पर भी बबूल का पेड़ अचानक सड़क पर गिर गया। पेड़ गिरने से मार्ग पर करीब एक घंटे तक आवागमन बाधित रहा। राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी उठानी पड़ी।
सूचना मिलते ही बिलरियागंज थाने के सिपाही रामबाबू यादव, राकेश कुमार वर्मा और वीरेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने मजदूरों की मदद से टांगा से पेड़ को कटवाकर सड़क से हटवाया। पेड़ हटने के बाद मार्ग पर आवागमन सुचारू हो सका।
पुलिस की तत्परता से सड़क पर फंसे वाहन चालकों और राहगीरों को राहत मिली और यातायात सामान्य हो गया। आंधी-बारिश के बीच पेड़ गिरने की दोनों घटनाओं में बड़ा हादसा टल गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *