
प्रबंधक पर गाली-गलौज और घर गिरवाने की धमकी देने का भी आरोप, समझौते की कोशिश विफल
छात्रा के नाना ने प्रबंधक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग की, पुलिस बोली- तहरीर के आधार पर जांच जारी
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के अजमतगढ़ विकासखंड के भरौली स्थित एक निजी विद्यालय में छात्रा की कथित पिटाई का मामला सामने आया है। छात्रा के परिजनों ने विद्यालय प्रबंधक पर मारपीट करने के साथ ही शिकायत करने पहुंचे अभिभावकों से गाली-गलौज और धमकी देने का आरोप लगाया है। परिजन तहरीर लेकर जीयनपुर कोतवाली पहुंचे और प्रबंधक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग की।
भरौली निवासी यदुवंश चौहान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी नातिन अन्वी भरौली स्थित किंग किंगडम निजी विद्यालय में पढ़ती है। आरोप है कि शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे विद्यालय के प्रबंधक चंद्रशेखर ने किसी बात को लेकर छात्रा की पिटाई कर दी। परिजनों का कहना है कि मारपीट के कारण छात्रा को अंदरूनी चोट आई है।
आरोप है कि घटना की जानकारी मिलने के बाद छात्रा की मां अंजना और नाना यदुवंश चौहान विद्यालय पहुंचे और प्रबंधक से शिकायत की। इस दौरान प्रबंधक ने उनके साथ गाली-गलौज की और गांव स्थित घर गिरवाने की धमकी दी। इसके बाद परिजन जीयनपुर कोतवाली पहुंचे और पुलिस को तहरीर दी।
कोतवाली में दोनों पक्षों के बीच नहीं बनी सहमति
तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को कोतवाली बुलाया। शनिवार दोपहर विद्यालय प्रबंधक चंद्रशेखर के पक्ष में विद्यालय से जुड़े दर्जनों लोग भी कोतवाली पहुंचे। दोनों पक्षों के बीच सुलह-समझौते का प्रयास किया गया, लेकिन सहमति नहीं बन सकी।
छात्रा के नाना यदुवंश चौहान प्रबंधक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग पर अड़े रहे। वहीं, पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।