
हेड बॉय-हेड गर्ल समेत विभिन्न पदों के लिए विद्यार्थियों ने दिखाया उत्साह, लोकतांत्रिक मूल्यों से रूबरू हुए छात्र
आजमगढ़। सेंट जेवियर्स हाई स्कूल, एलवल में गुरुवार को छात्र-परिषद के गठन के लिए लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत ई-वोटिंग कराई गई। विद्यालय में हेड बॉय, हेड गर्ल, हेड ऑफ स्कूल प्रीफेक्ट्स, स्कूल प्रीफेक्ट, कल्चरल कैप्टन, स्पोर्ट्स कैप्टन, हाउस कैप्टन और वालंटियर समेत कुल 42 पदों के लिए मतदान शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न हुआ। मतदान में कक्षा चार से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
विद्यालय प्रशासन के अनुसार विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों की समझ विकसित करने और जिम्मेदार नेतृत्व का चयन करने की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से यह चुनाव प्रत्येक वर्ष आयोजित किया जाता है। प्रक्रिया के तहत हाउस मास्टरों एवं शिक्षकों ने कक्षा 12 के योग्य छात्र-छात्राओं का नामांकन कराया, जिसके बाद चुनाव समिति ने निर्धारित मानकों के अनुरूप अंतिम उम्मीदवारों की सूची जारी की। सभी प्रत्याशियों को अलग-अलग चुनाव कोड आवंटित किए गए, जिनके माध्यम से उन्होंने अपने पक्ष में प्रचार किया।
इस वर्ष हेड बॉय एवं हेड गर्ल पद के लिए रेड, ग्रीन, ब्लू और येलो हाउस के कुल 13 छात्र-छात्राओं ने अपनी दावेदारी पेश की। चुनाव अभियान के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल रहा और विद्यार्थियों ने अपने पसंदीदा उम्मीदवारों के समर्थन में मतदान किया।
पूरी मतदान प्रक्रिया आधुनिक ई-वोटिंग प्रणाली के माध्यम से कराई गई। इसे सफल बनाने में विद्यालय के संगणक (कंप्यूटर) संकाय के शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी एवं प्रधानाचार्य नीलेश श्रीवास्तव ने कहा कि इस प्रकार का लोकतांत्रिक अभ्यास विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि निर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों से विद्यालय में अनुशासन बनाए रखने और छात्र-हित में सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा रहेगी।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य ने सभी उम्मीदवारों एवं विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक प्रशांत चंद्रा, आवासीय प्रबंधक प्रद्युम्न जायसवाल, अनिरुद्ध जायसवाल तथा सीएओ साक्षी बिसेन ने सफल आयोजन के लिए प्रधानाचार्य, शिक्षकों और विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।