
आजमगढ़ में प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कार्यकर्ताओं को दिया संगठन विस्तार का मंत्र
आजमगढ़। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने गुरुवार को आजमगढ़ में आजमगढ़, लालगंज, मऊ और बलिया के जिलाध्यक्षों, विधायकों, मंडल अध्यक्षों, अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला पदाधिकारियों, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों के साथ अलग-अलग बैठकों में संगठन की मजबूती, बूथ प्रबंधन और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की विजय का आधार मजबूत मंडल और सशक्त बूथ होंगे।

मंडल अध्यक्षों को संबोधित करते हुए धर्मपाल सिंह ने कहा कि मंडल संगठन की धुरी है। आदर्श मंडल के निर्माण से ही मजबूत शक्ति केंद्र और सशक्त बूथ तैयार होते हैं, जिससे जिला और प्रदेश संगठन को मजबूती मिलती है। उन्होंने कहा कि मंडल कार्यसमिति के प्रत्येक सदस्य को स्पष्ट दायित्व सौंपे जाएं और उनकी जवाबदेही भी सुनिश्चित की जाए। प्रत्येक मंडल में नियमित बैठकें आयोजित हों तथा बैठक कार्यवाही रजिस्टर का सुव्यवस्थित संधारण किया जाए। साथ ही प्रत्येक बैठक में पिछले कार्यक्रमों की समीक्षा और आगामी अभियानों की प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए।

उन्होंने कहा कि आदर्श मंडल निर्माण के लिए स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का वातावरण आवश्यक है, जिससे कार्यकर्ताओं में बेहतर प्रदर्शन की प्रेरणा मिले और संगठनात्मक कार्य संस्कृति विकसित हो। उन्होंने मंडल क्षेत्र में निवास करने वाले प्रदेश, क्षेत्र और जिला स्तर के पदाधिकारियों, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं तथा स्थानीय नागरिकों को संगठनात्मक गतिविधियों से जोड़ने पर भी जोर दिया।
धर्मपाल सिंह ने स्पष्ट कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव का केंद्र मंडल होगा। मंडलों की सक्रियता से शक्ति केंद्र मजबूत होंगे और शक्ति केंद्रों की मजबूती से बूथ सशक्त बनेंगे। यही भाजपा की चुनावी सफलता का सबसे मजबूत आधार होगा।
अनुसूचित जाति मोर्चा के पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर भाजपा ने समरसता संकल्प अभियान शुरू किया है। इस अभियान का उद्देश्य गुरु रविदास के विचारों और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मानना है कि संतों और महापुरुषों के जीवन एवं विचारों को समाज तक पहुंचाने से सांस्कृतिक गौरव और राष्ट्रभावना मजबूत होती है। उन्होंने डॉ. भीमराव आंबेडकर से जुड़े स्थलों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित किए जाने का भी उल्लेख किया।
उन्होंने अनुसूचित जाति मोर्चा के कार्यकर्ताओं से केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा अनुसूचित जाति समाज के लिए किए गए कार्यों को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि उसके पास विकास का कोई सकारात्मक विजन नहीं है और वह केवल भ्रम तथा दुष्प्रचार की राजनीति कर रहा है। कार्यकर्ताओं को तथ्यों के आधार पर विपक्ष के भ्रामक प्रचार का प्रभावी जवाब देने की जरूरत है।
जिलाध्यक्षों एवं विधायकों के साथ बैठक में धर्मपाल सिंह ने कहा कि संगठन के कार्यक्रमों और अभियानों का प्रभावी संचालन किया जाए तथा केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को लगातार जनता तक पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि यदि कार्यकर्ता निरंतर जनसंपर्क और जनसंवाद बनाए रखेंगे तो चुनाव के समय अतिरिक्त प्रयास की आवश्यकता कम होगी और जीत का अंतर भी अधिक होगा।
बैठक में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री दारा सिंह चौहान, राज्य मंत्री दानिश आजाद अंसारी, विधायक केतकी सिंह, प्रदेश मंत्री सहजानंद राय, संचिता श्री चौहान, ध्रुव सिंह, विनोद राजभर, अखिलेश मिश्रा ‘गुड्डू’, सतेन्द्र राय, मंजू सरोज, जयनाथ सिंह, शिवनाथ सिंह, दुर्ग विजय यादव, डॉ. श्याम नारायण सिंह, श्रीकृष्ण पाल, प्रेम प्रकाश राय, ऋषिकांत राय सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।