बिल्डिंग मटेरियल की दुकान के काउंटर का लॉक तोड़कर 60 हजार रुपये गायब

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण


चाय पीने बाजार गया था दुकानदार, लौटने पर नहीं चला पता, सुबह दुकान खोलने पर टूटा मिला काउंटर का लॉक

रौनापार क्षेत्र के जप्ती माफी (कांखभार) बाजार की घटना, सूचना पर पहुंची पुलिस ने की जांच-पड़ताल हिंदी न्यूज़ 24
सगड़ी/आजमगढ़। रौनापार थाना क्षेत्र के जप्ती माफी (कांखभार) बाजार में बिल्डिंग मटेरियल की दुकान के काउंटर का लॉक तोड़कर करीब 60 हजार रुपये गायब होने का मामला सामने आया है। दुकान संचालक ने काउंटर में रुपये रखे होने की बात बताई है। सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। फिलहाल मामले में तहरीर नहीं दी गई है।
रौनापार थाना क्षेत्र के जोकहरा (पिपरही) गांव निवासी सूर्यजीत यादव उर्फ चन्जीत पुत्र स्व. श्रीपति यादव की जप्ती माफी बाजार में बिल्डिंग मटेरियल की दुकान है। दुकानदार के अनुसार, बालू गिराने के लिए भुगतान करने के उद्देश्य से पिछले दो दिनों से करीब 60 हजार रुपये दुकान के काउंटर में रखे थे।
शुक्रवार को वह दुकान खोलने के बाद दाह संस्कार में शामिल होने दोहरीघाट चले गए। दोपहर बाद वापस लौटने पर वह तगादा करने चले गए। वहां से करीब 10 हजार रुपये लेकर लौटे और उसे भी काउंटर में रख दिया। इसके बाद काउंटर में करीब 60 हजार रुपये होने की बात बताई गई। दुकानदार के अनुसार, वह चाय पीने के लिए बाजार चला गया। वापस आने के बाद काउंटर पर ध्यान दिए बिना शाम को दुकान बंद कर घर चला गया।
शनिवार सुबह करीब आठ बजे दुकान खोलने पहुंचा तो काउंटर का लॉक टूटा मिला। काउंटर में रखे रुपये गायब थे। इसके बाद दुकानदार ने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी। कुछ देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल करने के बाद लौट गई।
करीब 11 बजे रौनापार थाने के उपनिरीक्षक रामानंद शुक्ला हमराह पुलिसकर्मियों के साथ दुकान पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए मामले की जानकारी ली। पुलिस ने दुकान के आसपास की परिस्थितियों की भी जांच की।
बताया गया कि दुकान दुकानदार के घर से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। घटना को लेकर कुछ परिस्थितियां पुलिस के लिए जांच का विषय बनी हुई हैं। बताया जा रहा है कि दुकान के शटर का ताला टूटा नहीं मिला, जबकि काउंटर का लॉक टूटा हुआ था। फिलहाल दुकानदार की ओर से थाने में तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *