
नेतृत्व, अनुशासन और जिम्मेदारी का संदेश देकर विद्यार्थियों का बढ़ाया उत्साह
आजमगढ़। सर्वोदय पब्लिक स्कूल, हरबंशपुर में शनिवार को 11वां पदग्रहण समारोह उत्साहपूर्वक आयोजित हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थापक एवं प्रबंधक राजेन्द्र प्रसाद यादव, निदेशिका कंचन यादव तथा प्रधानाचार्या सुकांशा अवस्थी ने माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन कर किया।
सरस्वती वंदना के बाद चार सदनों राजगुरू, आजाद, सुभाष और भगतके नवनियुक्त कप्तानों व उपकप्तानों को ध्वज सौंपकर शपथ दिलाई गई। साथ ही सांस्कृतिक, खेलकूद और अनुशासन विभाग के छात्र-प्रतिनिधियों को भी जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
संस्थापक राजेन्द्र प्रसाद यादव ने कहा कि विद्यालय की सफलता सामूहिक प्रयास पर निर्भर है और विद्यार्थियों से अनुशासन व नेतृत्व का उदाहरण प्रस्तुत करने का आह्वान किया। प्रधानाचार्या सुकांशा अवस्थी ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम नेतृत्व, आत्मविश्वास और जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं। समारोह में सभी छात्र-छात्राएं, शिक्षकगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।