साइबर ठगी के शिकार तीन पीड़ितों को मिली राहत, आजमगढ़ पुलिस ने ₹32,999.93 वापस कराए

आजमगढ़ शहर

निजामाबाद में दो मामलों में ₹30,999.93 और गंभीरपुर में ₹2,000 की धनराशि कराई गई वापस, त्वरित कार्रवाई से पीड़ितों के चेहरों पर लौटी मुस्कान
आजमगढ़। साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आजमगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर फ्रॉड के शिकार तीन पीड़ितों को कुल ₹32,999.93 की धनराशि वापस कराई है। निजामाबाद थाना पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में ₹30,999.93, जबकि गंभीरपुर थाना पुलिस ने एक मामले में ₹2,000 की धनराशि पीड़ितों के बैंक खातों में वापस कराई।


निजामाबाद पुलिस ने दो पीड़ितों को लौटाए ₹30,999.93
थाना निजामाबाद क्षेत्र में साइबर ठगी के दो मामलों में पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए कुल ₹30,999.93 वापस कराए।
पहले मामले में जगदीशपुर निवासी नेहा यादव के साथ उनके मित्र का मोबाइल हैक कर साइबर अपराधियों ने IMO कॉल के जरिए मित्र बनकर PhonePe के माध्यम से उनके Indian Bank खाते से ₹25,000 की ठगी की थी। पीड़िता ने 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने NCRP पोर्टल के माध्यम से रकम को तत्काल होल्ड कराया। न्यायालय के आदेश के बाद 7 अगस्त 2026 को पूरी ₹25,000 की धनराशि पीड़िता के खाते में वापस करा दी गई।
दूसरे मामले में मस्जिदिया निवासी गुड्डी देवी से किस्त जमा कराने के नाम पर PhonePe के जरिए उनके SBI खाते से ₹5,999.93 की ठगी की गई थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने रकम होल्ड कराई और आवश्यक विधिक प्रक्रिया एवं समन्वय के बाद 6 अगस्त 2026 को पूरी धनराशि वापस करा दी।


गंभीरपुर पुलिस ने ₹2,000 लौटाए
वहीं, थाना गंभीरपुर क्षेत्र के बिन्द्रा बाजार निवासी प्रद्युम्न सिंह के यूनियन बैंक खाते से फर्जी कॉल के जरिए UPI/PhonePe से ₹39,500 की साइबर ठगी की गई थी। पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। गंभीरपुर पुलिस की साइबर टीम ने कार्रवाई करते हुए ठगी की रकम में से ₹2,000 साइबर अपराधी के खाते में फ्रीज कराए। इसके बाद MRM पोर्टल के माध्यम से नियमानुसार 7 अगस्त 2026 को ₹2,000 पीड़ित के खाते में वापस करा दिए गए।


पुलिस टीम की कार्रवाई से मिली राहत
निजामाबाद में प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह के निर्देशन में उ0नि0 दिलीप आनन्द, उ0नि0 मयंक उपाध्याय, का0 राकेश यादव, का0 संदेश सिंह और म0आ0 रेनू देवी की टीम ने कार्रवाई की।
गंभीरपुर में थानाध्यक्ष अमित कुमार त्रिपाठी के निर्देशन में उ0नि0 विपिन कुमार द्विवेदी और रि0म0का0 आकांक्षा सिंह ने कार्रवाई को अंजाम दिया।


धनराशि वापस मिलने के बाद तीनों पीड़ितों ने आजमगढ़ पुलिस के प्रति आभार जताया। पुलिस ने लोगों से साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *