
चूल्हे पर दूध उबालने के लिए उपला निकाल रही थी निर्मला देवी, पवई सीएचसी से टांडा पीजीआई किया गया था रेफर
बलरामपुर। पवई थाना क्षेत्र के मुतकल्लीपुर गांव में गुरुवार की शाम दर्दनाक हादसा हो गया। मिट्टी के चूल्हे पर दूध उबालने के लिए उपला निकाल रही 56 वर्षीय महिला को उपले में छिपे सांप ने डंस लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पवई लेकर पहुंचे, जहां से चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए रेफर कर दिया। इसके बाद टांडा पीजीआई में उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
मुतकल्लीपुर गांव निवासी निर्मला देवी (56) पत्नी त्रिभुवन गुरुवार की शाम दूध लेकर मिट्टी के चूल्हे पर उबालने के लिए बैठी थीं। इसी दौरान चूल्हे के पास रखे उपले निकालते समय उसमें छिपे सांप ने उनके हाथ में डंस लिया। सांप के डंसते ही निर्मला देवी ने शोर मचाया। उनकी चीख सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और परिजनों को घटना की जानकारी दी।
परिजन आनन-फानन में निर्मला देवी को उपचार के लिए सीएचसी पवई लेकर पहुंचे। पति त्रिभुवन का आरोप है कि अस्पताल में एंटी स्नेक वेनम (एएसवी) इंजेक्शन उपलब्ध नहीं था और बेहतर उपचार की व्यवस्था भी नहीं हो सकी। चिकित्सकों ने उनकी हालत को देखते हुए उन्हें रेफर कर दिया।
इसके बाद परिजन निर्मला देवी को उपचार के लिए टांडा पीजीआई लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाते हुए जांच शुरू कर दी। महिला की मौत से गांव में भी शोक का माहौल है।