
सड़क पार कर शौच के लिए जा रहे थे शिवनाथ शर्मा, हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार; पुलिस जांच में जुटी
बलरामपुर। अंबेडकर नगर जिले के सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के बनकटा बुर्जुग गांव निवासी 57 वर्षीय मजदूर शिवनाथ शर्मा की शुक्रवार को जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। वह सुबह घर से शौच के लिए निकले थे। सड़क पार करते समय पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
परिजनों ने गंभीर रूप से घायल शिवनाथ शर्मा को पहले 100 शैय्या अस्पताल अतरौलिया पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है।
शिवनाथ शर्मा मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में दो पुत्र और एक पुत्री हैं। उनकी मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।