
भारी वाहनों के लिए यातायात विभाग की एडवाइजरी जारी
आजमगढ़। श्रावण मास में कांवड़ यात्रियों और शिवभक्तों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और सुचारु बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक डायवर्जन योजना लागू की है। यह व्यवस्था 30 जुलाई 2026 से 28 अगस्त 2026 तक पड़ने वाले प्रत्येक रविवार रात 10 बजे से सोमवार रात 10 बजे तक प्रभावी रहेगी।
यातायात पुलिस द्वारा जारी एडवाइजरी के अनुसार फैजाबाद, गोरखपुर, वाराणसी, शाहगंज, जौनपुर और प्रयागराज मार्ग से आने-जाने वाले भारी मालवाहक वाहनों, रोडवेज बसों और निजी बसों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।
फैजाबाद की ओर से आने वाले भारी वाहन भंवरनाथ बाईपास, रानी की सराय और सेमरा अंडरपास होते हुए अपने गंतव्य की ओर जाएंगे। वहीं गोरखपुर की ओर से आने वाले भारी वाहन हाफिजपुर चौराहा, बैठौली तिराहा, सिधारी हाईड्रिल चौराहा और नरौली तिराहा होकर गुजरेंगे।
इसके अलावा वाराणसी, शाहगंज, जौनपुर और प्रयागराज की ओर से गोरखपुर जाने वाले भारी वाहनों को बेलइसा ओवरब्रिज, रेलवे स्टेशन तिराहा, नरौली तिराहा, हाईड्रिल चौराहा, बैठौली तिराहा और हाफिजपुर चौराहा के रास्ते भेजा जाएगा। रोडवेज एवं निजी बसों के लिए भी अलग-अलग वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं।
यातायात पुलिस ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित डायवर्जन व्यवस्था का पालन करें और यात्रा के दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का अनुपालन करें, ताकि श्रावण मास में यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और कांवड़ यात्रियों व श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।