चार पहिया के धक्के से घायल अधेड़ की इलाज के दौरान मौत, दो बेटों और एक बेटी के सिर से उठा पिता का साया

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ ग्रामीण

बरदह थाना क्षेत्र के ठेकमा बाजार में हुआ हादसा, परिजनों में कोहराम


आजमगढ़। ठेकमा बाजार में शुक्रवार शाम तेज रफ्तार फोर व्हीलर की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुए साइकिल सवार की इलाज के दौरान जिला अस्पताल में मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।


मृतक की पहचान सुरेश सरोज (55 वर्ष) पुत्र रामपति सरोज, निवासी ग्राम सराय मोहन, थाना बरदह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वह ठेकमा बाजार से साइकिल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए एक तेज रफ्तार फोर व्हीलर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह कई फीट दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।


घटना के बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ठेकमा पहुंचाया, जहां से चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।


बताया जा रहा है कि मृतक अपने पीछे दो बेटे और एक बेटी छोड़ गए हैं। पिता की असमय मौत से बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।


हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार वाहन व चालक की तलाश की जा रही है। वहीं स्थानीय लोगों ने सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने और दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *