होम्योपैथिक इंटर्न छात्रों ने स्टाइपेंड बढ़ाने की उठाई मांग, ₹7,500 से ₹25 हजार करने को लेकर भेजा पत्रक

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर


मुख्यमंत्री समेत शासन के अधिकारियों को भेजा पत्र, बढ़ती महंगाई और आर्थिक कठिनाइयों का दिया हवाला

हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज के इंटर्न छात्रों ने वर्तमान में मिल रहे स्टाइपेंड को बढ़ाने की मांग उठाई है। छात्रों ने शासन को पत्र भेजकर प्रतिमाह मिलने वाले ₹7,500 के स्टाइपेंड को बढ़ाकर ₹25,000 किए जाने की मांग की है।
पत्र में छात्रों ने कहा है कि वर्तमान समय में महंगाई काफी बढ़ गई है। दैनिक जरूरतों और शैक्षणिक गतिविधियों से जुड़े खर्चों के मुकाबले ₹7,500 का स्टाइपेंड बेहद कम और अपर्याप्त है। इंटर्नशिप के दौरान छात्रों को नियमित रूप से ओपीडी, आईपीडी, सामुदायिक स्वास्थ्य सेवाओं, रिकॉर्ड कार्य तथा विभिन्न प्रकार के प्रशिक्षण से संबंधित जिम्मेदारियां निभानी पड़ती हैं।
छात्रों का कहना है कि इंटर्नशिप अवधि में उन्हें नियमित रूप से अस्पताल में सेवाएं देनी पड़ती हैं। बढ़ती महंगाई के कारण मौजूदा स्टाइपेंड में इन आवश्यकताओं को पूरा करना मुश्किल हो रहा है। पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि उत्तर प्रदेश में अन्य चिकित्सा एवं संबद्ध संस्थानों के इंटर्न स्टाइपेंड में समय-समय पर उचित वृद्धि की गई है। ऐसे में होम्योपैथिक इंटर्न छात्रों के स्टाइपेंड की भी समीक्षा किया जाना आवश्यक है।
छात्रों ने मांग की है कि उनके व्यापक हित को ध्यान में रखते हुए वर्तमान स्टाइपेंड ₹7,500 से बढ़ाकर ₹25,000 प्रतिमाह करने के लिए संबंधित विभाग और शासन स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की जाए।
पत्र की प्रतियां राज्यपाल, मुख्यमंत्री, आयुष विभाग तथा निदेशक समेत संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई हैं। पत्र पर सामूहिक रूप से होम्योपैथिक इंटर्न छात्रों की ओर से हस्ताक्षर किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *