
आर्यमगढ़ दुर्गा पूजा महासमिति की बैठक में पूजा समितियों ने रखीं समस्याएं, सीओ सिटी और नगर पालिका अध्यक्ष ने दिया सहयोग का भरोसा
जर्जर बिजली तारों की मरम्मत, पंडालों के आसपास सफाई-प्रकाश, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन पर हुई विस्तृत चर्चा
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। आगामी दुर्गा पूजा और विजयादशमी पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और भव्य ढंग से संपन्न कराने को लेकर रविवार को आर्यमगढ़ दुर्गा पूजा महासमिति की महत्वपूर्ण बैठक मुकेरीगंज स्थित आरके गेस्ट हाउस में हुई। बैठक में नगर की विभिन्न पूजा समितियों के पदाधिकारी और सदस्य शामिल हुए। इस दौरान पूजा समितियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं और आवश्यकताओं को प्रमुखता से उठाया।
बैठक में जर्जर बिजली के तारों की मरम्मत, पूजा पंडालों के आसपास पर्याप्त प्रकाश और सफाई व्यवस्था, श्रद्धालुओं के आवागमन, सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन के साथ ही प्रतिमा विसर्जन की व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। समितियों के पदाधिकारियों ने पर्व के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए समय रहते व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने की मांग रखी।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सीओ सिटी ने दिया भरोसा
सीओ सिटी शुभम तोंदी ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी पूजा समितियों से पुलिस प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय बनाकर काम करने की अपील की। उन्होंने आश्वस्त किया कि पूजा पंडालों और प्रतिमा विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
सफाई और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त कराने का आश्वासन
नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सरफराज आलम मंसूर ने कहा कि पूजा पंडालों के आसपास नियमित सफाई, प्रकाश व्यवस्था और अन्य जनसुविधाओं को दुरुस्त कराने के लिए नगर पालिका पूरी तरह तत्पर है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे।
सभी पूजा समितियों के बीच समन्वय पर जोर
महासमिति अध्यक्ष अरविंद मोदनवाल ने कहा कि समिति का उद्देश्य नगर की सभी पूजा समितियों को एक मंच पर लाकर प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि बिजली, सफाई, सुरक्षा और विसर्जन की व्यवस्थाएं समय रहते पूरी होना जरूरी है, ताकि दुर्गा पूजा और विजयादशमी का पर्व शांतिपूर्ण एवं भव्य तरीके से संपन्न कराया जा सके।
मिथुन निषाद ने भी सभी पूजा समितियों से आपसी तालमेल बनाए रखने और प्रशासन के साथ सहयोग करने की अपील की।
बैठक में पुजारी शरद तिवारी, महंत राजेश मिश्रा, हिमांशु राज, संतोष गुप्ता, रवि गुप्ता, संदीप चौहान, ऋषि गुप्ता, हर्ष सिंह, आकाश यादव, प्रताप मद्धेशिया, अंकित गुप्ता, अभिषेक गुप्ता समेत विभिन्न पूजा समितियों के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।