बाबा बैद्यनाथ धाम से लौट रहे श्रद्धालुओं की कार खड़े ट्रेलर में घुसी, तीन घायल

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण

देवगांव क्षेत्र में हुआ हादसा, पांच श्रद्धालु थे कार में सवार; घायलों का लालगंज अस्पताल में चल रहा उपचार
आजमगढ़। बाबा बैद्यनाथ धाम से दर्शन कर वापस लौट रहे श्रद्धालुओं की कार गुरुवार को आजमगढ़ जिले के देवगांव कोतवाली क्षेत्र में सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर से पीछे से टकरा गई। हादसे में तीन श्रद्धालु घायल हो गए, जबकि दो अन्य सुरक्षित बताए जा रहे हैं।


जानकारी के अनुसार, कार संख्या UP 51 BA 9332 से जनपद बस्ती निवासी पांच श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ धाम से दर्शन कर अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार बुढ़ऊ बाबा पेट्रोल पंप के निकट पहुंची, वह सड़क किनारे खड़े ट्रेलर में पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।


हादसे में आदित्य पुत्र राजेंद्र, प्रेमचंद्र (38 वर्ष) पुत्र रामनयन तथा इंद्रसेन सिंह (32 वर्ष) पुत्र अंबिका सिंह घायल हो गए। वहीं कार में सवार संजय चौधरी पुत्र रामशबद और रामकिशुन, निवासी जनपद बस्ती, भी मौजूद थे।


घटना के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची देवगांव पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को संयुक्त सौ शैय्या चिकित्सालय, लालगंज भेजा, जहां उनका उपचार जारी है।


पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर यातायात सुचारु कराया तथा हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *