आजमगढ़: गर्भवती महिला से मारपीट, अश्लील हरकत और गर्भस्थ शिशु की मौत का आरोप, कोर्ट के आदेश पर पांच के खिलाफ एफआईआर

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण

थाना व एसपी से पूर्व में हुई थी शिकायत, नहीं हुई थी सुनवाई

आजमगढ़ | मेहनगर। जनपद के मेहनगर थाना क्षेत्र में एक गर्भवती महिला के साथ कथित मारपीट, अश्लील हरकत और गर्भस्थ शिशु की मौत के मामले में कोर्ट के आदेश पर पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


क्या है पूरा मामला?
एफआईआर के अनुसार, वादी मुकदमा ने आरोप लगाया है कि मई 2026 में पड़ोस के पांच लोगों ने उनके घर में घुसकर परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट किया। शिकायत के मुताबिक अगले दिन आरोपी फिर घर पहुंचे। उस समय घर में कोई पुरुष सदस्य मौजूद नहीं था। आरोप है कि उन्होंने वादिनी की गर्भवती पौत्री के साथ अश्लील हरकत की, विरोध करने पर उसके कपड़े फाड़ दिए और पेट पर कई बार लात-घूंसों से हमला किया। इस हमले से गर्भस्थ शिशु की मौत हो गई। इसके अलावा आरोपियों पर मारपीट, जान से मारने की धमकी देने तथा 630 रुपये छीनने का भी आरोप लगाया गया है।


पहले भी की गई थी शिकायत
शिकायतकर्ता का कहना है कि घटना के बाद स्थानीय पुलिस और पुलिस अधीक्षक से शिकायत की गई, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश के अनुपालन में 4 अगस्त 2026 को थाना मेहनगर में मुकदमा दर्ज किया गया।


पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना उपनिरीक्षक इंद्रजीत पटेल को सौंपी है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *