टिल्लू मोटर के तार की चपेट में आई महिला, करंट लगने से दर्दनाक मौत

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ ग्रामीण

घर में जमीन पर गिरे बिजली के तार ने ली 42 वर्षीय शकुंतला की जान, पति लुधियाना में करता है मजदूरी
अहरौला। थाना क्षेत्र के बनकट गांव में मंगलवार को बिजली के करंट की चपेट में आने से 42 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।


जानकारी के अनुसार बनकट गांव निवासी शकुंतला (42) पत्नी रमेश निषाद मंगलवार सुबह करीब 11 बजे अपने घर में थीं। बताया जा रहा है कि घर में लगी टिल्लू मोटर का बिजली का तार किसी तरह जमीन पर गिर गया था। इसी दौरान शकुंतला तार की चपेट में आ गईं और करंट लगने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई।


काफी देर बाद किसी काम से ग्रामीण उनके घर पहुंचे तो शकुंतला को अचेत हालत में पड़ा देखा। ग्रामीणों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया और आनन-फानन में उन्हें निजी चिकित्सक के पास ले गए, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।


शकुंतला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। बताया गया कि उनके पति रमेश निषाद रोजी-रोटी के सिलसिले में लुधियाना में मजदूरी करते हैं। शकुंतला के दो पुत्र हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *