तिरंगे के रंग में रंगा आजमगढ़, नर्सिंग छात्र-छात्राओं ने निकाली भव्य तिरंगा रैली

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर


भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से गूंजा शहर, राष्ट्रप्रेम व एकता का दिया संदेश


आजमगढ़। राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और गौरव की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार को क्रिश्चियन हॉस्पिटल स्कूल ऑफ नर्सिंग, हरबंशपुर एवं मिशन हॉस्पिटल की ओर से भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। करीब दो किलोमीटर लंबी रैली में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों ने हाथों में तिरंगा लेकर पूरे उत्साह के साथ सहभागिता की।
रैली का नेतृत्व क्रिश्चियन हॉस्पिटल स्कूल ऑफ नर्सिंग एवं मिशन हॉस्पिटल के प्रबंध निदेशक डॉ. अशोक कुमार सिंह, अध्यक्ष श्रीमती बीना सिंह एवं वित्त अध्यक्ष डॉ. शौर्य विक्रम सिंह ने किया। रैली को प्रबंध निदेशक एवं भारतीय जनता पार्टी चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश सह-संयोजक डॉ. अशोक कुमार सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली से पूर्व डॉ. अशोक कुमार सिंह ने तिरंगे के महत्व और देश के प्रति नागरिकों के कर्तव्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। इसमें देश की एकता, अखंडता, गौरव और स्वतंत्रता संग्राम के वीरों के त्याग एवं बलिदान की भावना समाहित है। उन्होंने राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए देश की प्रगति और एकता में योगदान देने का आह्वान किया।


रैली के दौरान “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “हर घर तिरंगा” के नारों से पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत रहा। छात्र-छात्राओं ने अनुशासन के साथ रैली में भाग लेते हुए लोगों को राष्ट्रप्रेम और एकता का संदेश दिया।
विद्यालय के प्राचार्य श्री संदीप मौर्य ने शिक्षकों एवं कर्मचारियों के साथ रैली में शामिल छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विद्यार्थियों को राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और सेवा भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
रैली में डॉ. आमिर मुमताज, अरुण श्रीवास्तव, श्रीराम यादव, सर्वेश सिंह, सौरभ दुबे, भूपेंद्र, अंकिता, प्रीति, सोनिया, ज्योति, साधना, सविता, जूली, खुशबू, आदित्य, सरफराज, आकिब, बृजेश सहित क्रिश्चियन हॉस्पिटल स्कूल ऑफ नर्सिंग एवं मिशन हॉस्पिटल के शिक्षक-कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *