पोखरे में डूबने से 19 वर्षीय युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम

आजमगढ़ शहर

शौच के लिए घर से निकला था युवक, एक घंटे बाद पोखरे में उतराता मिला शव


मेंहनगर, आजमगढ़। मेंहनगर थाना क्षेत्र के करनेहुआ गांव में बुधवार की अल सुबह एक दर्दनाक हादसे में 19 वर्षीय युवक की पोखरे में डूबने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, करनेहुआ गांव निवासी प्रमोद सरोज का बड़ा पुत्र किशन सरोज (19) बुधवार सुबह शौच के लिए घर से निकला था। काफी देर तक वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान गांव के एक व्यक्ति ने पोखरे में एक शव उतराता देखा और इसकी सूचना परिजनों व ग्रामीणों को दी।
सूचना मिलते ही मेंहनगर पुलिस मौके पर पहुंची। उपनिरीक्षक रामगोपाल त्यागी ने ग्रामीणों की मदद से शव को पोखरे से बाहर निकलवाया। शव की पहचान किशन सरोज के रूप में हुई। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जा रहा है कि किशन दो भाइयों में सबसे बड़ा था। उसकी असमय मौत से माता सुनीता, पिता प्रमोद सरोज, भाई और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *