ऑनलाइन गेम के कर्ज ने बनाया ठग! किसानों से किराये पर ली ट्रैक्टर ट्रॉलियां, बेचकर उतारा कर्ज

आजमगढ़ शहर

महराजगंज पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर 24 घंटे के अंदर किया गिरोह का पर्दाफाश
आजमगढ़। ऑनलाइन गेम की लत ने दो युवकों को अपराध की राह पर धकेल दिया। कर्ज के बोझ तले दबे दोनों आरोपियों ने किसानों को झांसे में लेकर उनकी ट्रैक्टर ट्रॉलियां किराये पर लीं और बाद में उन्हें बेचकर लाखों रुपये हड़प लिए। महराजगंज पुलिस ने इस संगठित ठगी का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनकी निशानदेही पर बेची गई तीन ट्रैक्टर ट्रॉलियां भी बरामद कर ली गई हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) और क्षेत्राधिकारी सगड़ी के पर्यवेक्षण में महराजगंज पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सुनील यादव और उपेन्द्र यादव को गिरफ्तार किया।


ऐसे देते थे वारदात को अंजाम
पुलिस के अनुसार आरोपी किसानों से संपर्क कर ट्रैक्टर ट्रॉली को 15 हजार रुपये प्रतिमाह किराये पर लेने का झांसा देते थे। कुछ दिन बाद पारिवारिक मजबूरी और आर्थिक संकट का बहाना बनाकर ट्रॉली को दूसरे लोगों के हाथ बेच देते थे। जब किसान अपनी ट्रॉली वापस मांगते, तो आरोपी टालमटोल करते रहते।


ऑनलाइन गेम के कर्ज ने कराया अपराध
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे AVITOR Game खेलने के दौरान भारी कर्ज में फंस गए थे। कर्ज चुकाने के लिए उन्होंने किसानों की ट्रॉलियां किराये पर लेकर उन्हें बेचने की साजिश रची और बिक्री से मिले पैसों से अपना कर्ज चुकाया।


तीन ट्रॉलियां बरामद, चार मुकदमे दर्ज
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर थाना रौनापार क्षेत्र के मैनीजोर और महराजगंज क्षेत्र के प्रतापपुर गांव से तीन ट्रैक्टर ट्रॉलियां बरामद की हैं। इस मामले में थाना महराजगंज पर चार मुकदमे दर्ज किए गए हैं। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *