काम दिलाने का झांसा, 15.50 लाख की ठगी! 13 राज्यों में शिकायतें, आजमगढ़ से साइबर ठग गिरफ्तार

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण आजमगढ़ शहर

Just Dial से जुटाता था नंबर, खुद को एलएंडटी का कर्मचारी बताकर बनाता था शिकार


आजमगढ़। साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में आजमगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक ऐसे शातिर साइबर ठग को गिरफ्तार किया है, जिसने खुद को नामी कंपनी का कर्मचारी बताकर लोगों को काम दिलाने का झांसा दिया और करीब 15.50 लाख रुपये की साइबर ठगी को अंजाम दिया। आरोपी के खिलाफ राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर देश के विभिन्न राज्यों से 13 शिकायतें दर्ज मिली हैं।


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने प्रतिबिंब पोर्टल से मिले एक संदिग्ध मोबाइल नंबर की जांच शुरू की। सीडीआर और समन्वय पोर्टल के विश्लेषण में सामने आया कि इसी नंबर और उससे जुड़े आईएमईआई के खिलाफ 13 साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज हैं। जांच के बाद पुलिस ने थाना तरवां क्षेत्र के सरायवृन्दावन गांव निवासी पंकज सिंह (44) को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक मोबाइल फोन और 1,350 रुपये नकद बरामद हुए।


ऐसे देता था ठगी को अंजाम
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पिछले चार-पांच वर्षों से साइबर ठगी कर रहा था। वह Just Dial से जेसीबी, बुलडोजर और अन्य निर्माण मशीनों के मालिकों के मोबाइल नंबर जुटाता था। इसके बाद खुद को एलएंडटी, नवी मुंबई का कर्मचारी बताकर मशीनों को बड़े प्रोजेक्ट में काम दिलाने का झांसा देता और एडवांस या प्रोसेसिंग फीस के नाम पर रकम ऐंठ लेता था।
इतना ही नहीं, आरोपी फर्जी मनी क्रेडिट मैसेज भेजकर, सॉफ्टवेयर बेचने के नाम पर और जनसेवा केंद्रों के क्यूआर कोड के जरिए भी ठगी की रकम मंगवाकर नकद निकलवा लेता था।


अब नेटवर्क की तलाश में पुलिस
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 317(2), 318(4), 319(2) तथा आईटी एक्ट की धारा 66D के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। बरामद मोबाइल और डिजिटल साक्ष्यों की जांच जारी है। पुलिस को आशंका है कि इस गिरोह में अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *