
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो देखकर पहुंचे परिजन, जमीन अगया निवासी 25 वर्षीय कुंदन के रूप में हुई शिनाख्त
खजूरी गांव के पास पुलिया पर पानी में उतराया मिला था शव, घंटों प्रयास के बाद नहीं हो सकी थी पहचान; वीडियो वायरल होने पर परिजनों ने पहुंचकर की शिनाख्त
हिंदी न्यूज़ 24
अहरौला/आजमगढ़। अहरौला थाना क्षेत्र के खजूरी गांव के पास गौरी-अहरौला माइनर में मंगलवार सुबह मिले युवक के शव की पहचान हो गई है। मृतक की पहचान अतरौलिया थाना क्षेत्र के जमीन अगया गांव निवासी कुंदन (25) पुत्र कालीचरण के रूप में हुई है। नहर में शव मिलने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की।
शारदा सहायक खंड-32 की गौरी-अहरौला माइनर में मंगलवार सुबह पुलिया के पास पानी में युवक का शव उतराया मिला था। खेतों की ओर निकले ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में घटना की जानकारी आसपास के गांवों में फैल गई और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।
सूचना पर पहुंची अहरौला थाना पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को माइनर से बाहर निकलवाया। पुलिस ने मृतक की पहचान कराने के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन उस समय शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इधर, नहर में युवक का शव मिलने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो अतरौलिया क्षेत्र के जमीन अगया गांव निवासी कुंदन के परिजन भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव को देखकर उसकी पहचान कुंदन के रूप में की। पहचान की पुष्टि होने के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत की वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।