हैंडपंप पर पानी लेते समय पैर फिसला, सिर में चोट लगने से मजदूर की मौत

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ ग्रामीण


दीदारगंज के कुशवा बाजार में हादसा, परिवार में मचा कोहराम

हिंदी न्यूज़ 24
बरदह/आजमगढ़। दीदारगंज थाना क्षेत्र के कुशवा बाजार में गुरुवार सुबह हैंडपंप पर पानी लेने के दौरान पैर फिसलने से सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट लग गई। हादसे में दरियापुर गांव निवासी 52 वर्षीय शमशेर राजभर पुत्र स्व. जीतू राजभर की मौत हो गई।
बताया गया कि शमशेर सुबह घर से बाजार गया था। कुशवा बाजार में हैंडपंप पर पानी लेने के दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह जमीन पर गिर पड़ा। सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट लगने के बाद स्थानीय लोग उसे इलाज के लिए निजी चिकित्सक के पास ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ग्रामीणों के अनुसार, शमशेर मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। वह रोजाना सुबह बाजार आता था। हादसे की जानकारी मिलते ही पत्नी कुसुम समेत परिजन मौके पर पहुंच गए। पति की मौत से पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक के परिवार में पत्नी के अलावा एक पुत्री शालू और दो पुत्र पंकज व करन हैं। दोनों पुत्र प्रदेश में रहकर निजी काम करते हैं। घटना की जानकारी मिलने पर परिवार में मातम छा गया।
वहीं, दीदारगंज थानाध्यक्ष जयप्रकाश यादव ने बताया कि घटना के संबंध में थाने पर अभी कोई सूचना नहीं मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *