नशे से दूर रहकर शिक्षा और खेल से जुड़ें युवा : सूरज श्रीवास्तव

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर


शिब्ली नेशनल कॉलेज में नशामुक्ति अभियान, विद्यार्थियों ने लिया नशे से दूर रहने का संकल्प
भाषण और नारा लेखन प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को मेडल, ट्रॉफी और प्रमाणपत्र देकर किया गया सम्मानित

हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। सेवा संकल्प अभियान के तहत मेरा युवा भारत आजमगढ़ की ओर से युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में शिब्ली नेशनल कॉलेज में रविवार को ‘नशामुक्त युवा–विकसित भारत संकल्प अभियान’ के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी, थाईलैंड पेंचक सिलाट विश्व चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता एवं भाजपा नेता सूरज प्रकाश श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। नशे की गिरफ्त से दूर रहकर युवा अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेल और रचनात्मक गतिविधियों में लगाएं। उन्होंने विद्यार्थियों से ‘नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।


कार्यक्रम जिला युवा अधिकारी डॉ. भावना के निर्देशन में आयोजित हुआ। कॉलेज के प्राचार्य प्रो. अफसर अली के मार्गदर्शन तथा डॉ. नवी हसन के संचालन में हस्ताक्षर अभियान, भाषण प्रतियोगिता और नारा लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए नशामुक्त समाज और स्वस्थ भारत का संदेश दिया।
भाषण प्रतियोगिता में ईराम जहिर प्रथम
भाषण प्रतियोगिता में ईराम जहिर ने प्रथम, सुषमा पांडेय ने द्वितीय, इंशा फातिमा ने तृतीय और अवंतिका कुमारी ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया। वहीं नारा लेखन प्रतियोगिता में शेख जकिया प्रथम, अलशिफा खातून द्वितीय, आस्था यादव तृतीय तथा जारा चतुर्थ स्थान पर रहीं।
प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. असीम खान और डॉ. मनीष अब्बास शामिल रहे। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मेडल, ट्रॉफी और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में माय भारत वॉलंटियरों ने भी सक्रिय सहभागिता की। विद्यार्थियों ने नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लेते हुए संदेश दिया कि युवा शक्ति को नशे से बचाकर ही स्वस्थ और विकसित भारत की मजबूत नींव तैयार की जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *