विद्यालय से बच्चों को साथ लेकर निकली थी शिक्षिका, काफी तलाश के बाद भी नहीं मिला सुराग, पति की तहरीर पर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के शिवराजपुर गांव में एक शिक्षिका अपने तीन बच्चों समेत संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। घटना के बाद से परिजन परेशान हैं। काफी तलाश के बावजूद महिला और बच्चों का पता नहीं चलने पर पति ने गंभीरपुर थाने में तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शिवराजपुर गांव निवासी साधना पत्नी अमरजीत गौरी गांव स्थित एक निजी विद्यालय में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं। उनके तीन बच्चे अनन्या, अमन और आरुषि भी इसी विद्यालय में पढ़ते हैं।
बताया गया कि 9 सितंबर की दोपहर साधना विद्यालय से अपने तीनों बच्चों को साथ लेकर निकली थीं। इसके बाद वह बच्चों समेत कहां गईं, इसकी जानकारी परिजनों को नहीं हो सकी। निर्धारित समय तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों और परिचितों के यहां भी जानकारी ली गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
एक साथ शिक्षिका और उनके तीनों बच्चों के लापता होने की जानकारी मिलते ही परिवार में चिंता बढ़ गई। वहीं, विद्यालय से बच्चों को साथ लेकर अचानक गायब होने की घटना क्षेत्र में भी चर्चा का विषय बनी हुई है।
परिजनों की सूचना के बाद गंभीरपुर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पति की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस महिला और तीनों बच्चों की तलाश में जुटी है। साथ ही उनके अचानक लापता होने के कारणों और पूरे घटनाक्रम की भी जांच की जा रही है।