
बच्चे स्कूल से लौटे तो मां को मृत हालत में देखा, सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने शुरू की जांच
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। रानी की सराय थाना क्षेत्र के सिरसाल गांव में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला घर के अंदर चारपाई पर संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिली। मृतका की पहचान शबीना बानो (35) के रूप में हुई है। उसके गले में दुपट्टा कसा हुआ मिला। सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया गया कि शबीना बानो अपने चार बच्चों और सास के साथ सिरसाल गांव स्थित घर में रहती थी। उसका पति रोजी-रोटी के सिलसिले में सऊदी अरब में रहता है। मंगलवार की सुबह रोज की तरह उसके बच्चे स्कूल चले गए थे, जबकि उसकी सास भी किसी काम से घर से बाहर चली गई थी।
दोपहर में स्कूल की छुट्टी के बाद बच्चे घर लौटे। घर के अंदर पहुंचने पर उन्होंने मां को चारपाई पर मृत हालत में पड़ा देखा। मां की हालत देखकर बच्चों में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला के गले में दुपट्टा कसा हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही रानी की सराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एसपी सिटी मधुबन, सीओ सिटी शुभम तोड़ी समेत पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच के बाद ही सामने आएगा। पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। मां की मौत से बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल है। वृत्त कमाई का जौनपुर जिले के शाहगंज कोतवाली अंतर्गत सरदहा गांव में बताया गया है। घटना की सूचना मिलते ही मायके वाले भी मौके पर पहुंच गए थे।