
छत पर मकान देखने गए 59 वर्षीय कलपु राम हाईटेंशन तार की चपेट में आए, जौनपुर अस्पताल में डॉक्टर ने मृत घोषित किया
हिंदी न्यूज़ 24
बरदह/आजमगढ़। दीदारगंज थाना क्षेत्र के चितारा महमूदपुर बाजार में सोमवार की देर शाम 11 हजार वोल्ट के विद्युत तार की चपेट में आने से राजगीर मिस्त्री की झुलसकर मौत हो गई। हादसे के बाद परिजन और ग्रामीण उन्हें उपचार के लिए सदर अस्पताल जौनपुर ले गए, जहां चिकित्सक ने देर रात मृत घोषित कर दिया।
दीदारगंज थाना क्षेत्र के कुशवा गांव निवासी कलपु राम (59) पुत्र स्व. शिवदास राजगीर मिस्त्री थे। सोमवार की शाम वह चितारा महमूदपुर बाजार निवासी अभयराज चौरसिया के मकान को देखने के लिए छत पर गए थे। इसी दौरान छत के ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के विद्युत तार की चपेट में आ गए। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलसकर छत से नीचे गिर गए।
पीएचसी पर डॉक्टर नहीं मिले, जौनपुर ले गए पर नहीं बची जान
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से परिजन उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मार्टिनगंज लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सक के मौजूद नहीं होने पर उन्हें सदर अस्पताल जौनपुर ले जाया गया। देर रात चिकित्सकों ने कलपु राम को मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही पत्नी हीरावती देवी और तीन बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटे थे।
बेटे की तहरीर पर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
मृतक के पुत्र मुकेश राम की तहरीर पर दीदारगंज पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विद्युत विभाग को तार हटाने की दी थी सूचना
मकान मालिक अभयराज चौरसिया ने बताया कि मकान की छत से सटकर गुजर रहे विद्युत तार को हटाने के लिए उन्होंने विद्युत विभाग को लिखित सूचना दी थी। उनका आरोप है कि सूचना देने के बावजूद विभाग की ओर से तार हटाने को लेकर कोई कार्रवाई नहीं की गई।