500 साल पुराने शिव मंदिर का हुआ जीर्णोद्धार, मंत्रोच्चार के बीच शिवलिंग-नंदी की प्राण-प्रतिष्ठा

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण

काशी से पहुंचे आचार्यों ने विधि-विधान से कराया पूजन, भंडारे में 5 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद

आजमगढ़। हरैया ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत रामगढ़ में सोमवार को प्राचीन शिव मंदिर के जीर्णोद्धार के बाद शिवलिंग एवं नंदी भगवान की मूर्ति की विधि-विधान से स्थापना की गई। काशी वाराणसी से पहुंचे आचार्यों की करीब आधा दर्जन टीम ने पंडित जयप्रकाश शुक्ल पुरोहित की देखरेख में मंत्रोच्चार के बीच पूजन-अर्चन कर प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न कराई। इस दौरान पूरा क्षेत्र भगवान शिव के जयकारों से गूंज उठा।


बताया गया कि रामगढ़ गांव का यह शिव मंदिर करीब 500 वर्ष पुराना है। समय के साथ मंदिर जर्जर हो गया था, जिसके कारण श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान परेशानी के साथ सुरक्षा का खतरा भी बना रहता था। इसे देखते हुए महाराष्ट्र के मुंबई स्थित अंधेरी क्षेत्र के शिवसेना नेता कमलेश राय ने लाखों रुपये की लागत से मंदिर का पुनर्निर्माण कराया।


मंदिर निर्माण पूर्ण होने के बाद काशी से आचार्यों को बुलाकर वैदिक रीति-रिवाज के अनुसार भगवान शिव के शिवलिंग और नंदी भगवान की मूर्ति की स्थापना कराई गई। धार्मिक अनुष्ठान के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी और वातावरण भक्तिमय हो गया।


स्थापना कार्यक्रम के समापन के बाद देर रात भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें करीब पांच हजार से अधिक ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। भंडारे में पूड़ी, सब्जी, दाल, चावल और बूंदी का प्रसाद तैयार किया गया था। विशेष रूप से प्रसाद बिना लहसुन-प्याज के तैयार किया गया।


इस मौके पर शिवसेना नेता कमलेश राय ने कहा कि इस मंदिर का निर्माण उनके पूर्वजों ने करीब 500 वर्ष पूर्व कराया था। समय के साथ मंदिर जर्जर हो गया था, जबकि यहां प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। इसी को देखते हुए मंदिर का पुनर्निर्माण कराया गया और काशी से आए आचार्यों द्वारा विधि-विधान से शिवलिंग की स्थापना कराई गई।


कार्यक्रम में कमलेश राय, सुधीर कुमार राय, बच्चा राय, शशि राय उर्फ बुद्ध, राजेश कुमार राय, फिल्म स्टार संतोष कुमार श्रीवास्तव, पूर्व जिला अध्यक्ष जयनाथ सिंह, योगेश राय समेत हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *