स्व. आद्या प्रसाद राय की पांचवीं पुण्यतिथि पर रक्तदान शिविर में उमड़ा जनसैलाब, अर्पित की गई श्रद्धांजलि

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण आजमगढ़ शहर राजनीत


भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने किया रक्तदान शिविर का शुभारंभ, सेवा और समर्पण का दिया संदेश

हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मंत्री सहजानंद राय के पिता स्व. आद्या प्रसाद राय की पांचवीं पुण्यतिथि पर गुरुवार को दुर्वासा धाम में श्रद्धांजलि कार्यक्रम, विशाल रक्तदान शिविर और पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी तथा उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कुसुम चैरिटेबल ब्लड एंड कम्पोनेंट सेंटर की ओर से आयोजित रक्तदान शिविर का शुभारंभ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने फीता काटकर किया। उन्होंने रक्तदाताओं से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया और रक्तदान जैसे पुनीत कार्य में सहभागिता के लिए आयोजकों एवं रक्तदाताओं की सराहना की।

पंकज चौधरी ने कहा कि स्व. आद्या प्रसाद राय की पुण्यतिथि पर आयोजित सेवा कार्य उनके संस्कारों और समाज के प्रति समर्पण की भावना को आगे बढ़ाने वाला है। रक्तदान केवल सामाजिक सेवा नहीं, बल्कि जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि भाजपा का मूल मंत्र सेवा, समर्पण और अंत्योदय है और ऐसे आयोजन इसी भावना को मजबूत करते हैं।

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने स्व. आद्या प्रसाद राय को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने अपने जीवन में सामाजिक मूल्यों और मानवीय संवेदनाओं को महत्व दिया। उनकी पुण्यतिथि पर रक्तदान शिविर का आयोजन समाजसेवा की परंपरा को आगे बढ़ाने का सार्थक प्रयास है।

भाजपा प्रदेश मंत्री सहजानंद राय ने अपने पिता को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि स्व. आद्या प्रसाद राय शिक्षक थे और उन्होंने जीवनभर सेवा, संस्कार तथा समाज के प्रति जिम्मेदारी का मार्ग दिखाया। उनकी स्मृति में जरूरतमंदों की सेवा करना उनके लिए सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने रक्तदाताओं, कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों के प्रति आभार जताया।

शिविर में भाजपा कार्यकर्ताओं, युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और क्षेत्रीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रक्तदाताओं का चिकित्सकीय परीक्षण करने के बाद रक्त संग्रह की समुचित व्यवस्था की गई। वहीं पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।

कार्यक्रम में स्व. आद्या प्रसाद राय के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को याद किया गया। उपस्थित लोगों ने कहा कि पुण्यतिथि पर रक्तदान एवं पौधरोपण जैसे सेवा कार्य समाज के लिए प्रेरणादायी हैं।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार की राज्य मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम, दानिश आजाद अंसारी, पूर्व मंत्री उपेंद्र तिवारी व सतीश द्विवेदी, विधायक पीएन पाठक, रामविलास चौहान, डॉ. असीम राय, मनीष जायसवाल, जयमंगल कन्नौजिया, ज्ञानेंद्र सिंह, आशीष सिंह आशु, पूर्व सांसद संगीत आजाद, पूर्व विधायक आजाद अरिमर्दन, उमेश पांडेय, रामदर्शन यादव, प्रदेश महामंत्री अभिजात मिश्रा, पूर्व जिलाध्यक्ष सूरज प्रकाश श्रीवास्तव, अमन श्रीवास्तव, राज सिंह सहित हजारों की संख्या में गणमान्य नागरिक, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता, चिकित्सक और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *