

श्रीकृष्ण की झांकी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रही धूम, मटकी फोड़ प्रतियोगिता में व्हाइट हाउस रहा प्रथम
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। प्रतिभा निकेतन इंटर कॉलेज, एटलस पोखरा के प्रांगण में गुरुवार को जन्माष्टमी पर्व हर्षोल्लास और धार्मिक वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. देवेश दुबे, कौशल कुमार राय, रवि श्रीवास्तव और राज नारायण गुप्ता ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भगवान श्रीकृष्ण की मनोहारी झांकी प्रस्तुत की। इसके साथ ही विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण कक्षा छह से 12 तक के विद्यार्थियों के बीच आयोजित मटकी फोड़ प्रतियोगिता रही।

प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साह और टीम भावना के साथ प्रतिभाग किया। व्हाइट हाउस ने महज 13 सेकंड में मटकी फोड़कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। ब्लू हाउस ने 21 सेकंड में मटकी फोड़कर द्वितीय और रेड हाउस ने 33 सेकंड में मटकी फोड़कर तृतीय स्थान हासिल किया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य ध्रुव चंद्र मौर्य ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि किसी भी प्रतियोगिता में सफलता हासिल करने के लिए दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास आवश्यक है।

विद्यालय के प्रबंधक रमाकांत वर्मा ने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि कोई भी प्रतियोगिता कठिन नहीं होती। यदि हमारे भीतर सकारात्मक ऊर्जा और आत्मविश्वास हो तो हम किसी भी चुनौती में सफलता प्राप्त कर सकते हैं। अंत में प्रबंधक ने सभी छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं और प्रतियोगिता के समापन की घोषणा की। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्सव का माहौल बना रहा।
