

दुर्वासा धाम में आद्या प्रसाद राय की पुण्यतिथि कार्यक्रम में पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री, अखिलेश यादव और कांग्रेस पर साधा निशाना
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। दुर्वासा धाम में प्रदेश सरकार के मंत्री सहजानंद राय के पिता स्वर्गीय आद्या प्रसाद राय की पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी पहुंचे। उन्होंने स्वर्गीय आद्या प्रसाद राय को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा।
पंकज चौधरी ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव हताशा में हैं और इसी हताशा में इस तरह के वीडियो जारी किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि AI के माध्यम से तैयार किए गए वीडियो के जरिए केवल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ही निशाना नहीं बनाया जा रहा, बल्कि पूरे साधु-संत समाज का अपमान किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इस तरह की राजनीति का खामियाजा अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी को भुगतना पड़ेगा। विपक्ष को विकास और जनहित के मुद्दों पर सकारात्मक राजनीति करनी चाहिए, लेकिन समाजवादी पार्टी लगातार सनातन धर्म और साधु-संतों को लेकर विवाद खड़ा करने का प्रयास कर रही है। जनता इस तरह की राजनीति को समझ रही है।
हिंदी न्यूज़ 24
काशी, अयोध्या और मथुरा हमारी आस्था के केंद्र
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्माष्टमी के अवसर पर मथुरा दौरे और वहां रुकने को लेकर सपा की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर पंकज चौधरी ने कहा कि काशी विश्वनाथ, अयोध्या और मथुरा करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहले भी जन्माष्टमी के अवसर पर मथुरा जाते रहे हैं। ऐसे में उनके मथुरा जाने को राजनीतिक चश्मे से देखना उचित नहीं है। मठ-मंदिर भारतीय संस्कृति और परंपरा का हिस्सा हैं। धार्मिक स्थलों पर जाना किसी राजनीतिक एजेंडे का हिस्सा नहीं, बल्कि आस्था और परंपरा से जुड़ा विषय है।
हिंदी न्यूज़ 24
‘विपक्षी दलों ने हमेशा सनातन के खिलाफ किया काम’
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि विपक्षी दलों ने हमेशा सनातन धर्म के खिलाफ काम किया है। उन्होंने कहा कि जनता ने ऐसे दलों को सत्ता से बाहर कर अपना जवाब दिया है।
पंकज चौधरी ने कहा कि देश की जनता सनातन संस्कृति और अपनी धार्मिक आस्था के प्रति पूरी तरह जागरूक है। जनता सब कुछ देख रही है और समय आने पर अपने मत के माध्यम से जवाब देती है।
हिंदी न्यूज़ 24
भूपेंद्र चौधरी ने भी अखिलेश यादव पर साधा निशाना
इसी मुद्दे पर उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने भी अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव ऐसे प्रयास करते हैं, जिससे लोगों के मन में हिंदू धर्म, सनातन संस्कृति और साधु-संतों के प्रति अविश्वास पैदा हो।
भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि मठ और मंदिर हमारी संस्कृति एवं परंपरा का हिस्सा हैं। यह राजनीतिक नहीं, बल्कि आस्था का विषय है। उन्होंने कहा कि भाजपा के एजेंडे में सनातन, भारतीय संस्कृति और परंपराएं पहले भी रही हैं और आगे भी पार्टी इन मूल्यों को लेकर काम करती रहेगी।
हिंदी न्यूज़ 24
AI के इस्तेमाल को लेकर सपा पर पलटवार
अखिलेश यादव की ओर से सरकार पर AI के दुरुपयोग के आरोपों पर भूपेंद्र चौधरी ने पलटवार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि AI का दुरुपयोग समाजवादी पार्टी का एजेंडा है। भाजपा इस तरह के इस्तेमाल की निंदा करती है और ऐसे एजेंडे में विश्वास नहीं करती।
उन्होंने कहा कि AI के माध्यम से बनाए गए वीडियो के जरिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और साधु-संत समाज को निशाना बनाने का प्रयास किया जा रहा है। इसे उन्होंने राजनीति के गिरते स्तर का उदाहरण बताया।
हिंदी न्यूज़ 24
राहुल गांधी पर भी भूपेंद्र चौधरी का हमला
भूपेंद्र चौधरी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि “राहुल गांधी ने हिंदू धर्म को बदनाम करने की सुपारी ले रखी है।” उन्होंने कहा कि राहुल गांधी मुस्लिम संस्थानों और मुस्लिम समाज से जुड़े मुद्दों पर सवाल नहीं उठाते, लेकिन सनातन हिंदू धर्म और उसकी परंपराओं को लेकर लगातार सवाल खड़े करते हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी नेताओं का प्रयास है कि किसी तरह सनातन धर्म में लोगों की आस्था कम हो, लेकिन देश की जनता अपनी संस्कृति, परंपरा और सनातन धर्म के प्रति पूरी तरह जागरूक है।
भाजपा नेताओं ने कहा कि सनातन और भारतीय संस्कृति पार्टी की विचारधारा का महत्वपूर्ण हिस्सा है और आने वाले समय में भी भाजपा इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच मजबूती से अपनी बात रखेगी।