

रक्षाबंधन पर परिवार के साथ बाहर गया था गृहस्वामी, लौटने पर टूटा मिला दरवाजे और अलमारी का ताला
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। थाना क्षेत्र के करेंहुआ गांव में चोरों ने एक घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी पार कर दी। घटना की जानकारी घर लौटने पर हुई। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
करेंहुआ गांव निवासी अनिल रतनलाल सोनी रक्षाबंधन के अवसर पर 27 अगस्त को परिवार के साथ बाहर गए थे। 30 अगस्त की शाम करीब आठ बजे जब वह घर लौटे तो दरवाजे पर लगा ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो अलमारी का ताला भी टूटा हुआ था और सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर घर में रखे आभूषण और नकदी गायब मिली।
पीड़ित के अनुसार, चोर चांदी की पायल, करधनी, बिछिया, लच्छा, चूड़ियां, सोने का लॉकेट सहित अन्य आभूषण और करीब दो हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान का विस्तृत विवरण पुलिस को दी गई तहरीर में दर्ज कराया गया है।
पीड़ित की तहरीर पर कंधरापुर पुलिस ने दो सितंबर को बीएनएस की धारा 331(4) और 305 के तहत मुकदमा दर्ज किया। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक महेश प्रताप सिंह को सौंपी गई है। पुलिस अज्ञात चोरों की पहचान और घटना के खुलासे के लिए जांच कर रही है।