बेटे-बहू पर बुजुर्ग पिता से मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप, मुकदमा दर्ज

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण आजमगढ़ शहर


घर लौटे बेटे ने पत्नी के साथ मिलकर गाली-गलौज और मारपीट की, पीड़ित ने कोतवाली पुलिस से कार्रवाई की मांग की

हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। कोतवाली थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग पिता ने अपने बेटे और बहू पर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एफआईआर के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के करौड़ा गांव निवासी शंकर यादव (70 वर्ष के करीब) ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका बेटा सुनील यादव एक सितंबर 2026 की शाम घर आया था। आरोप है कि घर आने के बाद उसने अपनी पत्नी सुनीता देवी के साथ मिलकर उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।
पीड़ित का आरोप है कि विरोध करने पर बेटे और बहू ने उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद दोनों वहां से चले गए। आरोप है कि कुछ देर बाद सुनील दोबारा घर पहुंचा और दरवाजा तोड़ने का प्रयास करने लगा।
तहरीर में शंकर यादव ने बताया कि उनकी उम्र करीब 70 वर्ष है और मारपीट के दौरान उनकी रीढ़ की हड्डी में काफी चोट आई है। उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने की गुहार लगाई।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर सुनील यादव और उसकी पत्नी सुनीता देवी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 352 और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक उदय शंकर तिवारी को सौंपी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *