मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान: आजमगढ़ में 5 हजार से अधिक युवाओं को मिला ब्याज मुक्त ऋण

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

हरिऔध कला केन्द्र में क्षमता संवर्धन कार्यशाला, डीएम बोले— स्वरोजगार से आत्मनिर्भर बनें युवा, बैंक पारदर्शी ढंग से करें ऋण वितरण
आजमगढ़। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अंतर्गत बुधवार को हरिऔध कला केन्द्र में एक दिवसीय क्षमता संवर्धन कार्यशाला का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि यह योजना उन्हें आत्मनिर्भर और रोजगार सृजक बनाने की दिशा में प्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बैंकों से पात्र युवाओं को त्वरित एवं पारदर्शी ढंग से ऋण उपलब्ध कराने की अपील की।
जिलाधिकारी ने बताया कि 21 से 40 वर्ष आयु वर्ग के पात्र युवाओं को इस योजना के तहत बिना गारंटी और ब्याज मुक्त 5 लाख रुपये तक का ऋण दिया जाता है। उन्होंने कहा कि योजना शुरू होने के बाद से आजमगढ़ में 5 हजार से अधिक युवाओं को ऋण मिल चुका है, जो पूरे प्रदेश में सर्वाधिक है। इसके बावजूद अभी भी बड़ी संख्या में पात्र युवा योजना का लाभ लेने से वंचित हैं।


उन्होंने कहा कि कार्यशाला में आईटीआई, पॉलिटेक्निक, महाविद्यालयों और अन्य शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों के साथ विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया, ताकि युवा सीधे बैंक अधिकारियों से संवाद कर ऋण प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त कर सकें।
जिलाधिकारी ने बैंक अधिकारियों से पात्र आवेदनों का निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने तथा स्वीकृत ऋण का शीघ्र वितरण कराने का आग्रह किया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक युवाओं को इससे जोड़ने के निर्देश दिए।
उन्होंने युवाओं से अपील की कि ऋण का उपयोग उसी उद्देश्य के लिए करें, जिसके लिए वह प्राप्त किया गया है। योजनाबद्ध तरीके से व्यवसाय शुरू कर वे न केवल आत्मनिर्भर बन सकते हैं, बल्कि अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर सृजित कर सकते हैं।
कार्यशाला में उपायुक्त उद्योग आशुतोष श्रीवास्तव ने योजना की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, ऋण स्वीकृति, बैंकिंग प्रक्रिया एवं विभागीय सहायता की विस्तृत जानकारी दी। विभिन्न बैंकों के क्षेत्रीय प्रबंधकों एवं बैंक प्रतिनिधियों ने भी ऋण वितरण से संबंधित प्रक्रियाओं की जानकारी देते हुए युवाओं की जिज्ञासाओं का समाधान किया।
इस अवसर पर सहायक आयुक्त उद्योग प्रभात रंजन, एलडीएम यूबीआई अभिषेक द्विवेदी, विभिन्न बैंकों के क्षेत्रीय प्रबंधक, बैंक प्रतिनिधि, उद्योग विभाग के अधिकारी, शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *