राम मंदिर पर कथित टिप्पणी के विरोध में हिंदू जागरण मंच का प्रदर्शन, धर्मेंद्र यादव और पप्पू यादव का फूंका पुतला

आजमगढ़ आजमगढ़ शहर

कलेक्ट्रेट चौराहे पर पुलिस से हुई धक्का-मुक्की, जमकर हुई नारेबाजी, सनातन समाज की भावनाएं आहत करने का लगाया आरोप
आजमगढ़। जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट चौराहे पर शनिवार को हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने समाजवादी पार्टी के आजमगढ़ सदर सांसद धर्मेंद्र यादव और सांसद पप्पू यादव के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। जिला संयोजक कृपा मणि तिवारी के नेतृत्व में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने दोनों सांसदों का पुतला दहन कर विरोध जताया।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक, धक्का-मुक्की और खींचतान भी देखने को मिली। पुलिस ने पुतला दहन रोकने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी पुतला जलाने में सफल रहे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की।
जिला संयोजक कृपा मणि तिवारी ने आरोप लगाया कि अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावे से जुड़े कथित चोरी के मामले को लेकर संसद भवन के बाहर सांसद धर्मेंद्र यादव और सांसद पप्पू यादव द्वारा की गई टिप्पणियों से साधु-संतों और सनातन समाज का अपमान हुआ है। उन्होंने कहा कि इस तरह के बयान करोड़ों श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाते हैं और ऐसे गैर-जिम्मेदाराना बयानों को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।
प्रदर्शन में विपिन सिंह पालीवाल, अमन यादव, मुकेश यादव, विक्रम सिंह ऋतिक, जगदीप जैसवार, हिमांशु पाठक, अभिषेक पांडेय, शंभू राजभर, अजीत सिंह, राहुल सिंह, प्रदीप सिंह, कुंदन सिंह उर्फ गोलू, गौरव सिंह, अर्पित सिंह, हर्षित सिंह, मंजीत सिंह सहित बड़ी संख्या में हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *